झारखंड सरकार ने पुलिस प्रशासन में बड़े पैमाने पर बदलाव किया है। राज्यभर के 200 से अधिक डीएसपी लेवल के अधिकारियों का ट्रांसफर कर दिया है। गृह, कारा और आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से आज जारी अधिसूचना के तहत अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को राज्य में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

विभाग द्वारा जारी आदेश में अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नए पदस्थापन स्थल पर कार्यभार संभालने का निर्देश दिया गया है। वहीं जिन अधिकारियों के स्थान पर नई पोस्टिंग हो चुकी है और पुराने अधिकारियों को अभी नई जिम्मेदारी नहीं मिली है उन्हें पुलिस मुख्यालय में योगदान देने को कहा गया है। झारखंड सरकार ने इस तबादला के जरिए ACB यानी भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, विशेष ब्रांच और सीआईडी यानी अपराध अनुसंधान विभाग जैसी अहम विभागों में भी बड़ी संख्या में अधिकारियों की तैनाती की है। इनमें नए प्रोमोशन पाने वाले डीएसपी अधिकारियों के साथ-साथ अनुभवी अधिकारियों को भी प्रमुख जिम्मेदारियां दी गई हैं।
माना जा रहा है कि सरकार सुरक्षा व्यवस्था, खुफिया निगरानी और आपराधिक मामलों की जांच को और मजबूत करने की वजह से यह बदलाव कर रही है। लंबे समय बाद इतने बड़े पैमाने पर हुए इस प्रशासनिक फेरबदल से पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। राज्य सरकार पुलिस प्रशासन में कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ जिलों में बेहतर समांजस्य स्थापित करने और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी मजबूत करने के उद्देश्य से लगातार समीक्षा कर रही थी। इसी के तहत यह व्यापक तबादला सूची जारी की गई है।
सरकार का मानना है कि नई जिम्मेदारियों के साथ अधिकारियों की तैनाती से न केवल कानून-व्यवस्था को मजबूती मिलेगी बल्कि अपराध नियंत्रण और जांच प्रक्रिया में भी तेजी आएगी।





