Kaimur News: कैमूर जिले के मोहनिया स्थित अनुमंडलीय अस्पताल इन दिनों भारी बारिश और जलजमाव के कारण खुद एक बीमार ढांचे में तब्दील हो गया है। अस्पताल परिसर से लेकर इमरजेंसी ट्रॉमा सेंटर, दवा काउंटर और टिकट काउंटर तक—हर जगह नाले का गंदा पानी भर गया है। मरीज और उनके परिजन इसी गंदगी के बीच इलाज कराने को मजबूर हैं।

आज सुबह तेज बारिश के बीच ट्रॉमा सेंटर की फॉल सीलिंग अचानक टूट कर गिर गई। सौभाग्यवश उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि पास में बन रहे नाले का निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया है, जिसके चलते शहर का गंदा पानी अस्पताल परिसर में घुस रहा है।
Also Read: तालाब में तब्दील हुआ मोहनिया अनुमंडलीय अस्पताल, ट्रॉमा सेंटर की फॉल सीलिंग भी टूटी
स्थानीय निवासी सुधु सिंह, जो अपने मरीज के लिए दवा लेने आए थे, ने बताया कि काउंटर अभी तक नहीं खुला है और चारों ओर पानी ही पानी है। अस्पताल की कर्मचारी पुष्पा देवी ने बताया कि सुबह 8 बजे ड्यूटी पर आने के बाद देखा कि पूरा कैंपस पानी में डूबा है, लेकिन इसके बावजूद सभी कर्मी अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं।
अस्पताल के प्रभारी डॉक्टर विजय कुमार ने कहा कि ट्रॉमा सेंटर थोड़े निचले स्थान पर बना है, जिससे पानी वहां आसानी से प्रवेश कर जाता है। उन्होंने बताया कि जल्द ही ट्रॉमा सेंटर को खाली कराया जाएगा, और नाला निर्माण कार्य को पूरा कराए जाने की आवश्यकता है।





