रांची में शनिवार देर रात पुलिस ने ड्रग्स सप्लाई की शिकायत के बाद दो प्रमुख रेस्टोरेंट और बार में एक साथ छापेमारी कर सनसनी फैला दी। इस कार्रवाई के बाद शहर के नाइटलाइफ सर्किट में हड़कंप मच गया।

पुलिस की पहली रेड मॉल ऑफ रांची स्थित चर्चित रेस्टोरेंट लॉर्ड ऑफ ड्रिंक्स में हुई। जानकारी के मुताबिक यहां नियमों की अनदेखी करते हुए न सिर्फ शराब परोसी जा रही थी बल्कि ड्रग्स सप्लाई की भी शिकायत मिली थी। छापेमारी के दौरान ये भी पाया गया कि झारखंड हाईकोर्ट के निर्देशों का उल्लंघन करते हुए देर रात तक तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सघन तलाशी अभियान शुरू किया और संदिग्ध गतिविधियों की जांच की।
रेड के वक्त रेस्टोरेंट में बड़ी संख्या में युवक-युवतियां मौजूद थे। जांच के मद्देनजर पुलिस ने कई लोगों को डिटेन किया और पूरे परिसर को खाली कराया। मौके से अवैध पदार्थों की बरामदगी को लेकर भी जांच जारी है। फिलहाल इसका खुलासा नहीं किया गया है। इसी कड़ी में पुलिस की दूसरी टीम ने कांके रोड स्थित गोंदा थाना क्षेत्र के पंचरत्न हाइट्स में संचालित रोमिय लेन बार में भी छापेमारी की। यहां भी बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर सघन जांच अभियान चलाया गया।
सूत्रों के अनुसार दोनों ही जगहों पर ड्रग्स के अवैध कारोबार की शिकायतें मिल रही थीं जिसके बाद पुलिस ने समन्वित कार्रवाई करते हुए एक साथ रेड डाली। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें- असम में हेमंत सोरेन ने भरी हुंकार, अधिकारों की लड़ाई को बताया असली चुनावी मुद्दा





