झारखंड के साहेबगंज में बड़हरवा पुलिस ने अवैध ब्राउन शुगर के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 1003 ग्राम ब्राउन शुगर, तीन मोबाइल फोन और एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो बरामद की है। जब्त स्कॉर्पियो का नंबर BR11PB-0388 बताया गया है। पुलिस के अनुसार, बरामद ब्राउन शुगर की कीमत लाखों रुपये है और इसे अब तक की सबसे बड़ी खेपों में से एक माना जा रहा है।
बड़हरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल ने रांगा थाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि 18 अगस्त की रात करीब तीन बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कैशरो गांव के पास बंगाल के कलियाचक और बिहार से आए कुछ लोग ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के लिए पहुंचने वाले हैं। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए उनके नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम में रांगा थाना प्रभारी अखिलेश कुमार यादव समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर इलाके में रेकी की। सुबह करीब चार बजे केन्द्रों गांव के पास एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में तीन लोग सवार थे। तलाशी के दौरान प्लास्टिक की पुड़िया में पैक कुल 1003 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस ने नशीले पदार्थ को जब्त करने के साथ तीनों आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए और उन्हें हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कलियाचक से ब्राउन शुगर खरीदकर बिहार समेत दूसरे राज्यों में ऊंची कीमत पर बेचते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के सहरसा निवासी अमन राज जिसकी उम्र करीब 22 वर्ष है, मधेपुरा के 25 वर्षीय गुलशन कुमार और मालदा के शिवम मिश्रा के रूप में हुई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मालदा जिले के कलियाचक थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद तीनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
Also Read-





