जमशेदपुर में अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर जमशेदपुर के कलाकारों में शोक की लहर है। शुक्रवार को कलाधाम के कार्यालय में शोकसभा आयोजित कर दिवंगत अभिनेता को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान कलाधाम और जमशेदपुर थिएटर एंड फिल्म सोसाइटी से जुड़े कलाकारों ने उनके अभिनय सफर और भारतीय सिनेमा में उनके योगदान को याद किया।
कलाकारों ने नाना पाटेकर के निधन को कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया। शोकसभा में उपस्थित कलाकारों ने कहा कि नाना पाटेकर ने अपने दमदार अभिनय और अलग अंदाज से भारतीय सिनेमा में विशिष्ट पहचान बनाई थी। उनके अभिनय की गंभीरता, संवाद अदायगी और किरदारों को जीवंत करने की क्षमता ने दर्शकों के बीच उन्हें खास जगह दिलाई। उन्होंने रंगमंच से लेकर फिल्मों तक अपने अभिनय का प्रभाव छोड़ा और अपनी प्रतिभा के दम पर एक अलग मुकाम हासिल किया।
इस मौके पर गौतम गोप ने कहा कि नाना पाटेकर के निधन से वह मर्माहत हैं। उनका जाना कला जगत के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने कहा कि नाना पाटेकर का अभिनय और कला के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के कलाकारों को प्रेरित करता रहेगा।
वहीं मसरूर सिद्दीकी ने अभिनेता के फिल्मी सफर और अभिनय के क्षेत्र में उनके योगदान को याद करते हुए इसे अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि नाना पाटेकर ने अपने अभिनय से दर्शकों के दिलों में विशेष स्थान बनाया था। उनके द्वारा निभाए गए किरदार और फिल्मों में उनका योगदान लंबे समय तक याद किया जाएगा।शोकसभा के अंत में उपस्थित कलाकारों ने दिवंगत अभिनेता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।






