जमशेदपुर के जुगसलाई में 2 मतदान केंद्रों पर हंगामा की घटना सामने आई है। इस वजह से कुछ देर रमतदान रोकना पड़ा बाद में पुलिस ने स्थिति संभाल ली और फिर मतदान शुरू हुआ। जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में मतदान के दौरान मंगलवार को दो अलग-अलग केंद्रों पर हंगामे की स्थिति बन गई। हालांकि प्रशासन की तत्परता से हालात पर जल्द ही काबू पा लिया गया और मतदान प्रक्रिया दोबारा सुचारू रूप से शुरू कर दी गई।

पहली घटना वार्ड नंबर 3 स्थित आरडी स्कूल बूथ केंद्र की है। यहां वार्ड पार्षद के दो समर्थकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और बूथ परिसर में अफरा-तफरी मच गई। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गलत तरीके से वोट डलवाने और हेराफेरी का आरोप लगाते नजर आए।
हंगामे के कारण कुछ समय के लिए मतदान प्रक्रिया रोकनी पड़ी। सूचना मिलते ही मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल पहुंचा। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों के लोगों को बूथ से बाहर निकाला। इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और मतदान दोबारा शुरू कराया गया।
दूसरी घटना आर पी पटेल स्कूल स्थित मतदान केंद्र की है। यहां उस समय हंगामे की स्थिति बन गई जब शराब के नशे में धुत एक युवक मतदान केंद्र के अंदर पहुंच गया और लोगों से एक विशेष प्रत्याशी के पक्ष में वोट करने की अपील करने लगा।
Also Read- बिहार में डबल मर्डर: सैकड़ों लोगों के सामने दो सगे भाइयों को भून डाला
मौके पर मौजूद मतदान कर्मियों और सुरक्षाकर्मियों ने युवक को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह शोर-शराबा करता रहा। हालात बिगड़ते देख कुछ देर के लिए मतदान प्रक्रिया रोक दी गई। बाद में जिला प्रशासन और सुरक्षा बलों की तत्पर कार्रवाई से युवक को मतदान केंद्र से बाहर निकाला गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दोनों घटनाओं के बावजूद मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। स्थिति फिलहाल सामान्य है और सभी केंद्रों पर मतदान जारी है।





