झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक (Urja Vikas Shramik) संघ के केंद्रीय अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में संघ (Urja Vikas Shramik) के प्रतिनिधिमंडल ने आज विद्युत आपूर्ति क्षेत्र, कुसई कॉलोनी, डोरंडा के महाप्रबंधक श्री मनमोहन कुमार से मुलाकात कर तुपुदाना प्रशाखा में कार्यरत कनीय विद्युत अभियंता श्री अंकित कुमार की कार्यप्रणाली एवं मानव दिवस कर्मियों से संबंधित विभिन्न शिकायतों को लेकर लिखित ज्ञापन सौंपा। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने पूरे मामले पर विस्तार से वार्ता भी की। संघ की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में मानव दिवस कर्मियों को कार्य से हटाने की कथित धमकी, उनके स्थान पर परिचितों अथवा रिश्तेदारों को कार्य पर रखने के प्रयास, ऑनलाइन विद्युत संबंध, कनेक्शन रिलीज, राजस्व एवं OTP आधारित संवेदनशील विभागीय कार्यों से संबंधित शिकायतों सहित पोल एवं तार शिफ्टिंग के मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
संघ ने लगभग एक वर्ष पूर्व मानव दिवस कर्मी श्री संदीप कुमार को हटाकर उनके स्थान पर कनीय विद्युत अभियंता के भाई श्री प्रमोद कुमार को कार्य पर रखे जाने संबंधी शिकायत की भी जांच की मांग की है। साथ ही यह भी मांग की गई है कि संवेदनशील ऑनलाइन एवं राजस्व संबंधी कार्य केवल विभाग द्वारा अधिकृत कर्मियों से ही कराए जाएं।
ज्ञापन में हटिया-तुपुदाना क्षेत्र में पोल एवं तार शिफ्टिंग से जुड़े मामलों की भी जांच की मांग की गई है। संघ ने संबंधित कार्यों में Estimate/Costing, सक्षम स्वीकृति तथा विभागीय राजस्व जमा होने की स्थिति की जांच कराने की मांग की है। इसके अलावा मानव दिवस कर्मी श्री गखीन माझी(करण मांझी)को 18 सितंबर 2026 को कार्य से हटाए जाने के मामले की भी निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
संघ का कहना है कि उक्त आदेश में नियमित कर्मचारियों के पदस्थापन/स्थानांतरण के साथ मानव दिवस कर्मियों के स्थानांतरण का भी उल्लेख है, जिसकी प्रक्रिया एवं अधिकार क्षेत्र की विभागीय स्तर पर जांच आवश्यक है।अजय राय ने कहा कि विद्युत विभाग में कार्यरत मानव दिवस कर्मी लंबे समय से अपनी सेवाएं दे रहे हैं और विषम परिस्थितियों में भी विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। किसी भी कर्मी को बिना उचित कारण, पारदर्शी प्रक्रिया और सक्षम स्तर की अनुमति के कार्य से हटाया जाना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि “हम किसी व्यक्ति के विरुद्ध व्यक्तिगत कार्रवाई की मांग नहीं कर रहे हैं, बल्कि शिकायतों की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच चाहते हैं। यदि शिकायतें गलत हैं तो जांच के माध्यम से स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए और यदि किसी स्तर पर नियमों का उल्लंघन या अनियमितता पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।”अजय राय ने कहा कि ऑनलाइन नए विद्युत संबंध, कनेक्शन रिलीज, राजस्व एवं OTP आधारित कार्य अत्यंत संवेदनशील प्रकृति के हैं। ऐसे कार्य केवल अधिकृत एवं जिम्मेदार विभागीय कर्मियों के माध्यम से ही कराए जाने चाहिए, ताकि विभागीय व्यवस्था, राजस्व और उपभोक्ताओं के हित सुरक्षित रहें।
उन्होंने कहा कि पोल एवं तार शिफ्टिंग से जुड़े सभी मामलों में निर्धारित Estimate/Costing, सक्षम स्वीकृति और विभागीय राजस्व जमा की प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित होना चाहिए। यदि किसी मामले में नियमों का उल्लंघन हुआ है तो उसकी जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।अजय राय ने महाप्रबंधक (तकनीकी) से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष विभागीय जांच कराई जाए तथा जांच पूरी होने तक संबंधित अभिलेखों एवं दस्तावेजों को सुरक्षित रखा जाए। उन्होंने यह भी कहा कि मानव दिवस कर्मियों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव अथवा मनमानी नहीं होनी चाहिए और विभागीय नियमों के अनुरूप पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।संघ ने आशा व्यक्त की कि विभाग शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पूरे मामले की जांच कर आवश्यक एवं नियमानुसार कार्रवाई करेगा।
READ ALSO – कोल्हान यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में मुख्य तिथि के तौर पर शामिल हुए राज्यपाल संतोष गंगवार





