रामनवमी के पावन अवसर पर बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर परिसर स्थित भगवान राम और हनुमान मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करते नजर आए और पूरा मंदिर परिसर भक्ति के माहौल में सराबोर रहा।

भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के रूप में मनाई जाने वाली रामनवमी को लेकर श्रद्धालुओं में खास उत्साह देखा गया। मंदिर परिसर में ‘जय श्रीराम’ के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। दूर-दराज से आए भक्तों ने भगवान राम और हनुमान जी के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
पुरोहितों ने बताया कि रामनवमी के दिन भगवान श्रीराम का जन्म मध्यान काल में हुआ था। इसी कारण दोपहर में विशेष पूजा-अर्चना अनुष्ठान का आयोजन किया गया । इसके लिए मंदिर में विशेष तैयारियां की गई। मंदिर प्रशासन द्वारा भक्तों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं दुरुस्त की गई हैं। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए सुरक्षा और व्यवस्था दोनों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
झारखंड में रामनवमी का यह पावन पर्व बाबा बैद्यनाथ मंदिर धाम परिसर में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं का आना सुबह से ही लगातार जारी है।
Also Read- मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज असम रवाना होंगे, कल से होगा धुआंधार चुनाव प्रचार





