आदित्यपुर के गम्हरिया रेलवे स्टेशन के सुनसान इलाके में Blinkit डिलीवरी ब्वॉय से लूटपाट के मामले में आदित्यपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूटा गया मोबाइल भी बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
सामान का ऑर्डर देकर डिलीवरी बॉय को बुलाया
पुलिस के अनुसार, 21 और 22 सितंबर को आरोपियों ने Blinkit पर कुरकुरे, चिप्स, कोल्ड ड्रिंक और आइसक्रीम समेत अन्य सामान का ऑर्डर किया। इसके बाद डिलीवरी के लिए आए युवक को गम्हरिया रेलवे स्टेशन के सुनसान इलाके में बुलाया गया।
डिलीवरी ब्वॉय के वहां पहुंचने के बाद आरोपियों ने सामान लेने के बावजूद पैसे नहीं दिए। आरोप है कि इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई और मोबाइल फोन समेत पूरा सामान छीनकर आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद 23 सितंबर को आदित्यपुर थाना में मामला दर्ज कराया गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू करते हुए आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी।
दो आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल बरामद

पुलिस ने मामले में पंकज गोराई, निवासी नेमपाड़ा, मुरकुम रोड, गम्हरिया और सूरज गोराई, निवासी धीराजगंज, आदित्यपुर को गिरफ्तार किया है। दोनों सरायकेला जिले के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में सूरज गोराई पहले आदित्यपुर स्थित पिज्जा हट में काम करता था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर डिलीवरी बॉय से लूटा गया मोबाइल बरामद कर लिया है।
दो आरोपी अभी फरार
लूट की इस घटना में दो अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आए हैं। इनमें बादल गोराई, निवासी स्टेशन रोड, नेमपाड़ा और करण राणा शामिल हैं। दोनों फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को पकड़ने के लिए जांच और कार्रवाई जारी है।







