Amba Prasad News: कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय सचिव और पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने HEC स्थित अपने सरकारी आवास को खाली कराने के जिला प्रशासन के कदम पर कड़ी आपत्ति जताई है। इस कार्रवाई को भेदभावपूर्ण और अमानवीय बताते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि घर खाली कराने की कोशिश से पहले उन्हें कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई थी।
वही अंबा प्रसाद ने दृढ़ता से कहा है कि वह इसी आवास में दिवाली मनाएंगी; उन्होंने जोर देकर कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो वह वहां टेंट लगाकर रहेंगी, लेकिन घर खाली नहीं करेंगी।
Amba Prasad News: बिना नोटिस कार्रवाई का लगाया आरोप
अंबा प्रसाद ने बताया कि वह इस सरकारी आवास में अकेली रह रही थीं। रांची में उनका अपना कोई घर नहीं है। इसे देखते हुए उन्होंने सरकार से अनुरोध किया था कि उन्हें किराए के आधार पर कोई आवास आवंटित कर दिया जाए। उन्होंने इस संबंध में अपनी पार्टी को भी पत्र लिखा था। इसके बावजूद जिला प्रशासन ने अचानक इस आवास को खाली कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
दूसरे पूर्व विधायकों को लेकर उठाए सवाल
पूर्व विधायक ने आरोप लगाया है कि कई अन्य पूर्व विधायकों के पास अभी भी दो-दो सरकारी आवास हैं, फिर भी उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि उनके मामले में ही ऐसी कार्रवाई क्यों की गई और प्रशासन के इस कदम को भेदभावपूर्ण बताया।
भाई की शादी की तैयारियां भी प्रभावित
अंबा प्रसाद ने बताया कि उनके भाई की शादी इसी सरकारी आवास पर होनी थी और इसकी तैयारियां पहले से ही चल रही थीं। लेकिन प्रशासन की कार्रवाई ने इन सभी तैयारियों में बाधा डाल दी। उन्होंने आगे कहा कि दिवाली से ठीक पहले उठाए गए इस कदम से उन्हें गहरा मानसिक कष्ट पहुंचा है।
‘जरूरत पड़ी तो टेंट लगाकर रहूंगी’
अंबा प्रसाद ने कहा कि इस घर से उनका एक विशेष लगाव है और वे हर हाल में यहीं दिवाली मनाना चाहती हैं। उन्होंने फिर दोहराया कि अगर जरूरत पड़ी तो वे टेंट में भी रह लेंगी, लेकिन घर खाली नहीं करेंगी।फिलहाल, अंबा प्रसाद के आरोपों पर जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
यह भी पढ़ें: Jharkhand Topper Award: झारखंड के टॉपर्स को CM हेमंत सोरेन करेंगे सम्मानित
यह भी पढ़ें: Nisha Bhagat Death News: निशा भगत का आखिरी फोन कॉल याद कर भावुक हुईं निशा उरांव









