लोहरदगा शहर में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और नागरिकों को बेहतर शहरी व्यवस्था उपलब्ध कराने की दिशा में नगर परिषद ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। बुधवार को नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव की अध्यक्षता में आयोजित बोर्ड बैठक में शहर विकास से जुड़े कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में यातायात व्यवस्था सुधारने, अवैध निर्माण पर रोक लगाने, स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने और नई विकास योजनाओं को जल्द धरातल पर उतारने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में नगर परिषद उपाध्यक्ष अब्दुल कादिर, कार्यपालक पदाधिकारी मुक्ति किड़ो, सभी 23 वार्ड पार्षद, नगर प्रबंधक तथा कार्यालय कर्मी मौजूद रहे। बैठक की शुरुआत में नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव ने कहा कि शहर की बुनियादी समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनता से किए गए वादों को पूरा करना नगर परिषद की जिम्मेदारी है और विकास कार्यों को तेजी से लागू किया जाएगा।

बैठक में सबसे महत्वपूर्ण निर्णयों में नागरिकों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए टोल फ्री नंबर जारी करने का प्रस्ताव शामिल रहा। नगर परिषद का मानना है कि इससे आम लोगों की समस्याओं का शीघ्र निवारण हो सकेगा और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता आएगी।
इसके अलावा शहर में तेजी से बढ़ रहे अवैध निर्माण पर सख्ती से रोक लगाने का निर्णय लिया गया। नगर परिषद ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति के निर्माण कार्य करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को नियमित निगरानी करने और नियमों का उल्लंघन रोकने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में शहर के प्रमुख पावरगंज चौक का नाम बदलकर सुभाष चंद्र बोस चौक करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इस निर्णय का कई पार्षदों ने समर्थन करते हुए कहा कि इससे शहर की पहचान और ऐतिहासिक महत्व दोनों को नई दिशा मिलेगी।
बैठक में मुख्य सड़कों पर यात्री शेड निर्माण, शहर के प्रमुख मार्गों में डेकोरेटिव लाइट लगाने, पुस्तकालय निर्माण और मॉडल बस स्टैंड के निर्माण जैसे प्रस्तावों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। परिषद ने इन योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर जल्द शुरू कराने का निर्णय लिया।
नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव ने कहा कि शहर को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने और नागरिकों को बेहतर जीवन स्तर उपलब्ध कराने के लिए परिषद लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में और भी कई विकास योजनाएं लागू की जाएंगी, जिससे लोहरदगा शहर की तस्वीर बदलती नजर आएगी।
नगर परिषद की इस बैठक को शहर विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इन फैसलों के लागू होने के बाद शहर में यातायात, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।





