भारतीय जनता पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल सुधीर श्रीवास्तव के नेतृत्व में अरगोड़ा थाना पहुंचा और झारखंड मुक्ति मोर्चा के सोशल मीडिया संयोजक ब्रह्मदेव पासवान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने हेतु आवेदन सौंपा।

सुधीर श्रीवास्तव ने बताया कि ब्रह्मदेव पासवान ने मंगलवार को अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल से झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी से संबंधित एक कथित एडिटेड वीडियो पोस्ट किया। उनका आरोप है कि उक्त वीडियो एआई तकनीक की मदद से तैयार किया गया है, जो सीधे तौर पर आईटी एक्ट का उल्लंघन है।
उन्होंने कहा कि इस वीडियो के माध्यम से बाबूलाल मरांडी की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया है, जिससे उनकी मानहानि हुई है। साथ ही, इस तरह के फेक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से राज्य में सामाजिक तनाव और दंगा-फसाद जैसी स्थिति उत्पन्न होने की आशंका भी जताई गई है।
मामले के शिकायतकर्ता विनोद कुमार रजक हैं, जो भाजपा में जिला मंत्री के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि जैसे ही उन्हें सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने की जानकारी मिली, उन्होंने तत्काल अरगोड़ा थाना पहुंचकर इसकी शिकायत दर्ज कराई।
शिकायतकर्ता ने ब्रह्मदेव पासवान के खिलाफ आईटी एक्ट, मानहानि तथा दंगा फैलाने से संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
इस प्रतिनिधिमंडल में सुधीर श्रीवास्तव, विनोद कुमार रजक, संजय रविदास, सुभोध कांत और संजय चौधरी सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।





