राज्य सरकार के निर्देशानुसार गर्मी के मौसम में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आमजनों को सुचारू और निर्बाध जलापूर्ति उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन रामगढ़ द्वारा 02 मई 2026 से 15 मई 2026 तक विशेष पखवाड़ा चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को उपायुक्त रामगढ़ श्री ऋतुराज ने मांडू प्रखंड के लइयो क्षेत्र में आयोजित शिविर का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने शिविर में चल रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का यथासंभव त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
उपायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जिन शिकायतों का तत्काल समाधान संभव नहीं है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर शीघ्र निष्पादित किया जाए। साथ ही संबंधित आवेदकों को उनकी शिकायतों की प्रगति से भी अवगत कराया जाए।
इस दौरान उपायुक्त ने शिविर में उपस्थित स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों एवं शहरी क्षेत्र के लोगों ने जलापूर्ति से जुड़ी विभिन्न समस्याओं की जानकारी दी, जिस पर उपायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस विशेष पखवाड़ा के माध्यम से पेयजल से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान कर आमजन को राहत पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।





