जमशेदपुर में एक ऐसी घटना देखने को मिली जो इंसानियत को झकझोर कर रख देती है। कदमा थाना क्षेत्र के फार्म एरिया में एक विकलांग बच्चे को उसकी ही मां लावारिस हालत में छोड़कर चली गई। इस घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। जब सड़क किनारे एक विकलांग बच्चा लावारिस हालत में मिला।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, बच्चे की मां काफी देर तक उसे अपने साथ लेकर सड़क किनारे बैठी रही लेकिन कुछ समय बाद वह बच्चे को वहीं छोड़कर चली गई और फिर वापस नहीं लौटी। घंटों तक आसपास के लोगों ने महिला के लौटने का इंतजार किया, लेकिन जब वह नहीं आई तो मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी।
बच्चे की हालत देखकर हर कोई भावुक हो गया। बताया जा रहा है कि बच्चा शारीरिक रूप से विकलांग है और न तो ठीक से बोल पा रहा है, न चल सकता है और न ही अपने घर या परिवार के बारे में कुछ बता पा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि विकलांगता के कारण ही उसे इस तरह लावारिस छोड़ दिया गया।
सूचना मिलते ही कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को अपने संरक्षण में लेकर थाने ले गई। पुलिस के अनुसार, बच्चे की देखभाल के लिए उसे किसी एनजीओ या बाल संरक्षण केंद्र में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही उसकी मां और परिवार की पहचान के लिए जांच भी जारी है।





