रांची में अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन प्रहार’ चलाया। रांची पुलिस की ओर से शनिवार देर रात चलाए गए इस अभियान में 100 से ज्यादा वारंटियों और अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।

एसएसपी रांची के निर्देश पर सिटी एसपी, ट्रैफिक एसपी और ग्रामीण एसपी ने अपनी-अपनी टीमों के साथ अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की। पुलिस टीमों ने देर रात अपराधियों के घरों में दबिश देकर फरार वारंटियों, संदिग्धों और लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, “ऑपरेशन प्रहार” के तहत 220 से अधिक लंबित वारंटों का निष्पादन किया गया। कई आरोपी ऐसे भी पकड़े गए, जो लंबे समय से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहे थे।
रांची पुलिस की यह कार्रवाई अब तक के सबसे बड़े अभियानों में से एक मानी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि अपराध और फरार अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह विशेष अभियान चलाए जाएंगे, ताकि कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके।





