झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने संयुक्त सिविल सेवा मुख्य परीक्षा समेत आठ अन्य परीक्षाओं का कार्यक्रम पहले जारी किया था। ये सभी परीक्षाएं अगस्त और सितंबर महीने में आयोजित होनी थीं। लेकिन मौजूदा घटनाक्रम के बीच आयोग ने इन परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है। 25 जुलाई को होने वाली जेपीएससी मुख्य परीक्षा सहित कुल 9 परीक्षाओं को स्थगित किया गाय है जिससे करीब 508 पोस्ट जिसपर बहाली होनी थी वो प्रभावित होंगे।

स्थगित परीक्षा का नाम तिथि पदों की कुल संख्या
संयुक्त सिविल सेवा मुख्य परीक्षा-2025 (नियमित) 25 – 27 जुलाई 2026 103
संयुक्त सिविल सेवा मुख्य परीक्षा-2023 (बैकलॉग) 01 – 03 अगस्त 2026 08
संयुक्त सिविल सेवा मुख्य परीक्षा-2025 (बैकलॉग) 08 – 10 अगस्त 2026 45
सिविल जज जूनियर डिविजन (लिखित) परीक्षा 06 – 07 सितंबर 2026 138
सहायक लोक अभियोजक (बैकलॉग) लिखित परीक्षा 08 – 12 सितंबर 2026 26
कारखाना निरीक्षक लिखित परीक्षा 11 – 12 सितंबर 2026 14
प्रोजेक्ट मैनेजर लिखित परीक्षा 19 – 20 सितंबर 2026 30
सहायक लोक अभियोजक (नियमित) लिखित परीक्षा 25 – 29 सितंबर 2026 134
वाष्पित्र निरीक्षक 26 – 27 सितंबर 2026 05
इस बीच सबसे बड़ी चर्चा संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा को लेकर है। परीक्षा परिणाम को लेकर उठे विवाद और अनियमितताओं के आरोपों के बीच इस परीक्षा के भी रद्द होने की संभावना जताई जा रही है। सोशल मीडिया पर वायरल एक ओएमआर शीट ने पूरे मामले को और विवादित बना दिया है जिसमें कथित गड़बड़ियों के संकेत मिलने का दावा किया जा रहा है।
सूत्रों की मानें तो विवादित एजेंसी टीडीपीएल (TDPL) और तत्कालीन प्रभारी परीक्षा नियंत्रक श्वेता गुप्ता के कार्यकाल में आयोजित परीक्षाओं की भी समीक्षा की जा रही है। जांच के आधार पर इन परीक्षाओं को भी रद्द करने पर विचार किया जा सकता है।
CID की बड़ी कार्रवाई, पूर्व परीक्षा नियंत्रक समेत पांच गिरफ्तार
परीक्षाएं स्थगित करने के फैसले के पीछे JPSC भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की जांच को प्रमुख कारण माना जा रहा है। मामले में CID ने औपचारिक एफआईआर दर्ज करने के बाद ताबड़तोड़ कार्रवाई की है।
एक दिन पहले CID ने JPSC से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी कर डिजिटल साक्ष्य और महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए। प्रारंभिक जांच के बाद पूर्व प्रभारी परीक्षा नियंत्रक समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सभी से पूछताछ जारी है।
छापेमारी के बाद JPSC अध्यक्ष ने दिया इस्तीफा
CID की कार्रवाई के बाद आयोग में हड़कंप मच गया। छापेमारी के तुरंत बाद JPSC अध्यक्ष ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया, जिससे पूरे मामले ने और तूल पकड़ लिया है।
फिलहाल आयोग की ओर से नई परीक्षा तिथियों की घोषणा नहीं की गई है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आधिकारिक अपडेट के लिए JPSC की वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर बनाए रखें।
Also Read- कोलकाता इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में कोडरमा का जलवा





