जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल गोलचक्कर पर रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। टाटा-रांची मुख्य राज्य मार्ग (NH-33) पर चल रहे एक खाली तेल टैंकर में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते पूरा टैंकर आग की लपटों में घिर गया और दूर-दूर तक काले धुएं का गुबार फैल गया। राहत की बात यह रही कि टैंकर खाली था, जिससे एक संभावित बड़ा विस्फोट और गंभीर हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, तेल टैंकर पेट्रोल पंप पर तेल खाली करने के बाद रांची की ओर लौट रहा था। इसी दौरान चांडिल गोलचक्कर के पास अचानक वाहन के इंजन में शॉर्ट सर्किट हो गया, जिसके कारण आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे टैंकर को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा लिए जाने से आसपास के क्षेत्र में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने टाटा-रांची मार्ग पर कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही रोक दी और ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्ग से डायवर्ट किया। पुलिसकर्मियों ने मौके पर यातायात व्यवस्था संभालते हुए लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की।
इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह इंजन में शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।
Also Read- कतरास में 24 घंटे में सुलझी सनसनीखेज हत्या की गुत्थी





