सिमडेगा पुलिस ने चोरी की एक बड़ी घटना का सफल खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय चोर गिरोह के दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए करीब 150 ग्राम सोने के आभूषण, एक किलो से अधिक चांदी के आभूषण, चोरी में प्रयुक्त बाइक, औजार तथा चोरी के जेवर बेचकर बैंक में जमा किए गए 3 लाख रुपए की राशि को फ्रीज कराया है।

एसपी श्रीकांत एस. खोटरे ने प्रेस वार्ता में बताया कि सदर थाना क्षेत्र के हरिजन टोली स्थित एक घर में हुई चोरी के मामले में सदर थाना कांड संख्या 92/2026 के तहत अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। अनुसंधान के दौरान तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी चोरी का सामान लेकर छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में छिपे हुए हैं।
सूचना के आधार पर डीएसपी मुख्यालय रणवीर सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने जशपुर में छापेमारी कर अंतरराज्यीय चोर गिरोह के सदस्य अनिकेत टोप्पो को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही और स्वीकारोक्ति के आधार पर गिरोह के दूसरे सदस्य सैफ अली को गुमला के गांधी नगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के जेवर, बाइक और घटना में प्रयुक्त अन्य उपकरण बरामद किए। साथ ही चोरी के कुछ आभूषण बेचकर बैंक में जमा किए गए ₹3 लाख को भी फ्रीज कराया गया है।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ सिमडेगा जिले में चोरी के पांच मामले दर्ज हैं। इसके अलावा छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों में भी उनके खिलाफ छह आपराधिक मामले दर्ज हैं और दोनों पहले भी जेल जा चुके हैं। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
एसपी ने जिले के लोगों से अपील की कि घर बंद कर बाहर जाने से पहले अपने नजदीकी थाना को अवश्य सूचना दें, ताकि पुलिस गश्ती के दौरान घर पर विशेष निगरानी रख सके और चोरी जैसी घटनाओं को रोका जा सके।
Also Read- आदित्यपुर में ब्राउन शुगर और जुए के अवैध कारोबार के आरोप





