करनडीह स्थित एसएस हाई स्कूल में राज्य सरकार की ‘उन्नति की पहिया’ योजना के तहत आठवीं एवं उससे ऊपर की कक्षाओं की छात्राओं के बीच साइकिलों का वितरण किया गया। मुख्य अतिथि पोटका विधायक संजीव सरदार ने छात्राओं को साइकिलें सौंपते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक पहल कर रही है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर एवं दूर-दराज के क्षेत्रों की छात्राओं की पढ़ाई बाधित न हो।

उन्होंने बताया कि इस बार छात्राओं और उनके अभिभावकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रखंड कार्यालय के बजाय सीधे विद्यालयों में साइकिल वितरण किया जा रहा है। इससे छात्राओं को अनावश्यक दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और उनके समय की भी बचत होगी।
विधायक ने कहा कि राज्य सरकार सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना तथा मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा पारदेशीय छात्रवृत्ति योजना जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं के माध्यम से विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त कर रही है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई पर नियमित निगरानी रखने और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान एसएस हाई स्कूल को प्लस टू का दर्जा देने की मांग भी उठी। इस पर विधायक ने प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजकर आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, कल्याण पदाधिकारी, विद्यालय के शिक्षक, छात्राएं, अभिभावक एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Also Read- सिमडेगा में अंतरराज्यीय चोर गिरोह के दो शातिर गिरफ्तार





