झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं को लेकर चल रहा छात्र आंदोलन रविवार को और तेज हो गया। राज्य के अलग-अलग जिलों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पुतले दहन किए गए। रांची में आंदोलनकारी छात्रों ने परीक्षा में कथित अनियमितताओं के खिलाफ विरोध जताते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ प्रदर्शन किया जबकि कांग्रेस पर ‘वंदे मातरम्’ के अपमान का आरोप लगाते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने कई स्थानों पर राहुल गांधी और कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया। छात्र आंदोलन से जुड़ी हालिया रिपोर्टों के अनुसार प्रदर्शनकारी 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास के घेराव की तैयारी भी कर रहे हैं।
देवघर में 14वीं JPSC और JSSC-CGL परीक्षा रद्द करने की मांग
देवघर के VIP चौक पर छात्र-छात्राओं ने 14वीं JPSC एवं JSSC-CGL परीक्षा में कथित अनियमितताओं और परीक्षा प्रक्रिया को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुतला दहन कर छात्रों ने दोनों परीक्षाओं को रद्द करने और पूरे मामले की निष्पक्ष CBI जांच कराने की मांग उठाई।
प्रदर्शन का नेतृत्व रोहित राउत ने किया। छात्रों का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। ऐसे में अभ्यर्थियों के भविष्य और भर्ती व्यवस्था में विश्वास बनाए रखने के लिए पूरे मामले की स्वतंत्र जांच जरूरी है।
रोहित राउत ने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने सरकार से परीक्षा रद्द करने, CBI जांच कराने और कथित अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द पहल नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास के घेराव की घोषणा भी छात्र आंदोलन का हिस्सा है।
रांची में छात्र आंदोलन हुआ तेज
रांची में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। आंदोलनकारी छात्र परीक्षा रद्द करने और जांच CBI को सौंपने की मांग कर रहे हैं। आंदोलन अब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग तक पहुंच गया है।
छात्र नेताओं का कहना है कि उन्होंने शांतिपूर्ण और गांधीवादी तरीके से अपनी बात सरकार तक पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण आंदोलन को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
धनबाद में ‘वंदे मातरम्’ विवाद को लेकर राहुल गांधी का पुतला दहन
धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के अपमान के आरोप को लेकर भाजपा ने कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया। भाजपा विधायक राज सिन्हा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन किया और कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की।
राज सिन्हा ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय गीत का अपमान देश की भावनाओं का अपमान है और इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। भाजपा की ओर से आरोप लगाया गया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय कार्यालय में ‘वंदे मातरम्’ बजाए जाने के दौरान बातचीत होती रही और गीत को पूरा होने से पहले रोक दिया गया। इस मुद्दे को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।
जामताड़ा में भी कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन
जामताड़ा के मां चंचला चौक पर भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने ‘वंदे मातरम्’ को लेकर उठे विवाद के विरोध में कांग्रेस का पुतला दहन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजयुमो जिलाध्यक्ष कुणाल सिंह ने किया। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राष्ट्रीय गीत के सम्मान की मांग की।
भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में ‘वंदे मातरम्’ के गायन को रोकने का संकेत दिया गया। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हरिमोहन मिश्रा ने ‘वंदे मातरम्’ को देश की ऐतिहासिक और राष्ट्रीय विरासत बताया। प्रदर्शन में नित्य गोपाल सिंह, आभा आर्या, प्रदीप राउत, अंजनी तिवारी, प्रवीण मिश्रा, लखिन्द्र सिंह, ब्रजेश राउत, शुभम साव, अरिजीत मिश्रा, उदय मंडल और संतोष राणा समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
20 अगस्त पर टिकी आंदोलन की नजर
JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर छात्रों का आंदोलन अब निर्णायक दौर में पहुंचता दिखाई दे रहा है। छात्र परीक्षा रद्द करने, कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग पर कायम हैं। आंदोलनकारी छात्रों ने सरकार को चेतावनी दी है कि मांगों पर जल्द ठोस पहल नहीं हुई तो 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा।
सरकार ने की आंदोलनरत छात्रों से बातचीत की पहल
सरकार ने छात्रों को वार्ता के लिए 17 अगस्त को दोपहर 2 बजे बुलाया है। SDO-ADM ने छात्रों को इसकी जानकारी दी है।
छात्रों के बढ़ते आंदोलन को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और सुधार सहित छात्रों की दूसरी मांगों पर विचार के लिए कल अहम बैठक होगी। ऐसे में कल सरकार और आंदोलनकारी छात्रों के बीच बातचीत और सरकार की ओर से उठाए जाने वाले कदम पर सबकी नजर रहेगी।
Also Read- रांची: JPSC-JSSC आंदोलन तेज, 20 अगस्त को CM आवास घेराव का ऐलान





