Home झारखंड बिहार राजनीति मनोरंजन क्राइम हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

लखीसराय के अशोकधाम मंदिर में सोमवारी पर भगदड़, 7 महिला श्रद्धालुओं की मौत, 24 घायल

On: August 17, 2026 1:52 PM
Follow Us:
लखीसराय के अशोकधाम मंदिर में सोमवारी पर भगदड़, 7 महिला श्रद्धालुओं की मौत, 24 घायल
---Advertisement---

बिहार के लखीसराय जिले में सावन की तीसरी सोमवारी की सुबह प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर में आस्था का सैलाब अचानक मातम में बदल गया। भारी भीड़ के बीच भगदड़ मचने से सात महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 24 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में 19 का इलाज सदर अस्पताल और पांच का शहर के निजी अस्पतालों में चल रहा है।

घटना सोमवार सुबह मंदिर के दक्षिणी द्वार से अशोकधाम स्टेशन की ओर जाने वाले मार्ग के बीच हुई। सावन की तीसरी सोमवारी होने के कारण सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंच रहे थे। प्रशासन के मुताबिक, सुबह करीब 6:30 बजे के बाद अचानक भीड़ का दबाव काफी बढ़ गया और इसी दौरान बैरिकेडिंग टूटने से स्थिति बेकाबू हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुबह करीब 5:42 बजे अशोकधाम स्टेशन पर मोकामा-बैद्यनाथधाम मेला स्पेशल ट्रेन रुकी थी। इसके बाद सैकड़ों श्रद्धालु मंदिर की ओर बढ़ने लगे। पहले से मौजूद भीड़ में अचानक बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने से रास्ते पर दबाव बढ़ गया। इसी बीच एक बिजली का पोल गिरने और तार से चिंगारी निकलने की बात सामने आई, जिसके बाद वहां करंट फैलने की अफवाह फैल गई।

अफवाह के बाद श्रद्धालुओं में अचानक अफरा-तफरी मच गई और लोग सुरक्षित निकलने के लिए इधर-उधर भागने लगे। भीड़ के दबाव में बैरिकेडिंग टूट गई और कई लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े। देखते ही देखते भगदड़ की स्थिति बन गई। प्रशासन और पुलिस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को एंबुलेंस तथा अन्य वाहनों से अस्पताल भेजा।

लखीसराय के जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार के अनुसार, प्रशासनिक और स्वास्थ्य टीमें पहले से मौके पर मौजूद थीं, क्योंकि सावन की सोमवारी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने का अनुमान था। हालांकि, सुबह दो ट्रेनों के पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं की संख्या अचानक बढ़ गई और अप्रत्याशित भीड़ के कारण हालात बिगड़ गए। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।

हादसे में जान गंवाने वाली सातों श्रद्धालु महिलाएं बताई जा रही हैं। मृतकों में लखीसराय, मुंगेर और पटना जिले की महिलाएं शामिल हैं। अस्पतालों में घायलों का इलाज जारी है और प्रशासन की ओर से राहत-बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी लखीसराय के अशोकधाम मंदिर में हुई घटना पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है।

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसे को बेहद दुखद और हृदयविदारक बताते हुए मृतकों के निकटतम परिजनों को राज्य सरकार की ओर से 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है।

घटना के बाद बिहार सरकार में मंत्री विजय कुमार सिन्हा के भी अशोकधाम रवाना होने की जानकारी सामने आई है। वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी और राहत-बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। हादसे ने एक बार फिर बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान भीड़ प्रबंधन, बैरिकेडिंग और आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Also Read- दुमका के फौजदारी दरबार बाबा बासुकीनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment