Home झारखंड बिहार राजनीति मनोरंजन क्राइम हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

तीसरी सोमवारी पर दुमका के फौजदारी दरबार बाबा बासुकीनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब

On: August 17, 2026 1:04 PM
Follow Us:
तीसरी सोमवारी पर दुमका के फौजदारी दरबार बाबा बासुकीनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब
---Advertisement---

सावन की तीसरी सोमवारी और नाग पंचमी के विशेष संयोग पर दुमका के प्रसिद्ध तीर्थस्थल फौजदारी दरबार बाबा बासुकीनाथ धाम में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे कांवरियों और श्रद्धालुओं से बासुकीनाथ नगरी पूरी तरह केसरियामय नजर आई। मंदिर परिसर से लेकर मेला क्षेत्र तक हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष गूंजते रहे। तीसरी सोमवारी को लेकर बिहार के भागलपुर और आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगाजल लेकर बासुकीनाथ पहुंचे।

पंडा धर्मरक्षिणी सभा के महामंत्री संजय झा ने बताया कि सावन की सोमवारी के साथ नाग पंचमी का विशेष संयोग होने के कारण इस बार बाबा बासुकीनाथ के दरबार में श्रद्धालुओं की भीड़ काफी बढ़ी है। नागनाथ के नाम से प्रसिद्ध बाबा बासुकीनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए सामान्य कांवरियों के साथ बड़ी संख्या में डाकबम भी धाम पहुंच रहे हैं।

भागलपुर के बरारी घाट से गंगाजल भरकर हंसडीहा के रास्ते सीधे बासुकीनाथ पहुंचने वाले डाकबम श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है। लंबी दूरी की यात्रा पूरी करने के बाद श्रद्धालु बाबा बासुकीनाथ के दरबार में पहुंचकर जलाभिषेक कर रहे हैं। तीसरी सोमवारी को लेकर भागलपुर क्षेत्र के घाटों पर भी कांवरियों की भारी भीड़ देखी गई थी।

भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। दुमका के अनुमंडल पदाधिकारी कौशल कुमार के अनुसार, संभावित भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर, प्रवेश और निकास द्वार तथा मेला क्षेत्र के महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी की जा रही है।

सुबह 3 बजे मंदिर का पट खुलने के साथ ही कांवरियों को पंक्तिबद्ध तरीके से मंदिर में प्रवेश कराया जा रहा है। श्रद्धालु अरघा के माध्यम से बाबा बासुकीनाथ को गंगाजल अर्पित कर जलाभिषेक कर रहे हैं। व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन और मंदिर प्रबंधन की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है।

वहीं, हंसडीहा के रास्ते पहुंचने वाले डाकबम श्रद्धालुओं के लिए अलग व्यवस्था की गई है। टोकन प्राप्त करने वाले डाकबम श्रद्धालुओं को जलाभिषेक के लिए पेड़ा गली द्वार से सीधे मंदिर में प्रवेश कराया जा रहा है। इससे डाकबम श्रद्धालुओं को कम समय में बाबा का जलाभिषेक करने की सुविधा मिल रही है।

तीसरी सोमवारी और नाग पंचमी के इस विशेष अवसर पर बासुकीनाथ धाम में उमड़ी भीड़ ने एक बार फिर सावन की धार्मिक आस्था और कांवर यात्रा की भव्यता को सामने ला दिया है। बाबा के जयकारों से पूरा धाम भक्तिमय बना हुआ है और श्रद्धालु अपनी मनोकामना लेकर बाबा फौजदारीनाथ के दरबार में पहुंच रहे हैं।

Also Read- झारखंड में BJP और छात्रों का उबाल: हेमंत सोरेन-राहुल गांधी के पुतले फूंके

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment