बोकारो में होमगार्ड के रिक्त पदों पर बहाली की मांग को लेकर लंबे समय से आंदोलन कर रहे छात्रों को बड़ी राहत मिली है। मंगलवार को छात्रों की बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा के साथ वार्ता हुई। बैठक के दौरान उपायुक्त ने सकारात्मक पहल करते हुए आश्वासन दिया कि जिले में होमगार्ड के रिक्त 189 पदों पर बहाली के लिए दुर्गापूजा और दीपावली के बीच नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा।
डीसी के इस आश्वासन के बाद आंदोलनरत छात्रों में खुशी का माहौल है। छात्रों का कहना है कि वे लंबे समय से रिक्त पदों पर बहाली की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। इससे पहले आंदोलन के दौरान उपायुक्त की ओर से 45 दिनों के भीतर बहाली का नोटिफिकेशन जारी करने का आश्वासन दिया गया था। हालांकि, निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बाद भी अधिसूचना जारी नहीं हुई।
इसके बाद छात्रों ने 12 सितंबर को भी उपायुक्त से मुलाकात कर बहाली प्रक्रिया शुरू करने की मांग रखी थी। मंगलवार को हुई वार्ता में एक बार फिर छात्रों ने रिक्त पदों पर जल्द बहाली की प्रक्रिया शुरू करने का मुद्दा उठाया।
बोकारो में 189 होमगार्ड के पद रिक्त
जानकारी के अनुसार, बोकारो जिले में होमगार्ड के कुल 1974 स्वीकृत पद हैं। इनमें वर्तमान में 1785 जवान कार्यरत हैं। इस हिसाब से जिले में होमगार्ड के 189 पद खाली हैं। इन्हीं रिक्त पदों पर बहाली की मांग को लेकर छात्र लगातार आवाज उठा रहे हैं।
उपायुक्त के आश्वासन के बाद अब छात्रों की नजर बहाली के आधिकारिक नोटिफिकेशन पर है। यदि निर्धारित समय के अनुसार अधिसूचना जारी होती है, तो लंबे समय से बहाली का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो जाएगा।

फिलहाल छात्रों को उम्मीद है कि इस बार आश्वासन के अनुसार समय पर नोटिफिकेशन जारी होगा और 189 रिक्त पदों पर बहाली की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।






