आम लोगों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को जामताड़ा नगर पंचायत कार्यालय में मासिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आयोजित इस जनता दरबार में नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न वार्डों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आशा गुप्ता ने लोगों की समस्याएं बारी-बारी से गंभीरता से सुनीं और मौके पर मौजूद संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनता दरबार में नाली निर्माण, पीसीसी सड़क, भूमि विवाद, साफ-सफाई, जल निकासी सहित अन्य मूलभूत नागरिक सुविधाओं से जुड़ी करीब दो दर्जन शिकायतें सामने आईं। लोगों ने अपने-अपने मोहल्लों की समस्याओं से अध्यक्ष को अवगत कराते हुए जल्द समाधान की मांग की। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अध्यक्ष ने संबंधित मामलों में स्थल निरीक्षण कराने तथा आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्याओं का समयबद्ध तरीके से निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
दिव्यांग लाभुक को तत्काल प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति
जनता दरबार के दौरान एक दिव्यांग व्यक्ति प्रधानमंत्री आवास की मांग लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष के समक्ष पहुंचा। उसकी स्थिति और आवास की आवश्यकता को देखते हुए अध्यक्ष ने मामले को गंभीरता से लिया और संबंधित प्रक्रिया तत्काल पूरी कराने की पहल की। इसके बाद दिव्यांग लाभुक के नाम प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी की गई। अध्यक्ष की त्वरित पहल के बाद लाभुक के चेहरे पर खुशी देखने को मिली।
जनता की समस्याओं का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान नगर पंचायत की सर्वोच्च प्राथमिकता है। लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए बार-बार नगर पंचायत कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े, इसी उद्देश्य से नियमित रूप से मासिक जनता दरबार आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता दरबार में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसके त्वरित और उचित निष्पादन का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र के प्रत्येक मोहल्ले में नाली, सड़क, साफ-सफाई और अन्य जरूरी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। किसी भी वार्ड या मोहल्ले को विकास और बुनियादी सुविधाओं से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत के सभी वार्ड पार्षद, पदाधिकारी और कर्मचारी आपसी समन्वय एवं टीमवर्क के साथ कार्य कर रहे हैं, ताकि आम लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
समयबद्ध समाधान के लिए जनता से सीधे शिकायत रखने की अपील
नगर पंचायत अध्यक्ष ने लोगों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं को सीधे जनता दरबार में रखें, ताकि संबंधित मामलों की जानकारी लेकर समयबद्ध तरीके से समाधान की दिशा में कार्रवाई की जा सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर पंचायत प्रशासन आम लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है और जनहित से जुड़े मामलों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। जनता दरबार के दौरान वार्ड पार्षदों के अलावा नगर पंचायत कार्यालय के कर्मचारी एवं अन्य संबंधित कर्मी मौजूद रहे।







