जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह स्कूल बच्चों को लेकर जा रही एक वैन भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। टेल्को स्टेडियम-भुवनेश्वरी मंदिर रोड पर एन-111 के पास हुई इस दुर्घटना में करीब 15 से 17 बच्चे घायल हो गए। हादसे में दो बच्चों और वैन चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
दुर्घटना इतनी जोरदार थी कि वैन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका चैम्बर तक फट गया। हादसे के बाद मौके पर बच्चों की चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग और नजदीकी फ्लैटों में रहने वाले लोग तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव में जुट गए।
चिन्मया स्कूल के बच्चों को लेकर जा रही थी वैन
जानकारी के अनुसार, टाटा विंगर स्कूल वैन चिन्मया स्कूल के बच्चों को स्कूल छोड़ने के लिए स्टेडियम की ओर जा रही थी। इसी दौरान एन-111 के पास अचानक वैन अनियंत्रित हो गई और सड़क के बीच बने डिवाइडर पर जा चढ़ी।
डिवाइडर से टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। टक्कर के कारण वैन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार बच्चे घबरा गए।
स्थानीय लोगों ने बच्चों को पहुंचाया अस्पताल
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर वैन में फंसे और घायल बच्चों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे में करीब 15 से 17 बच्चे घायल हुए हैं। इनमें दो बच्चों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। वैन चालक के भी गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई है।
कार को बचाने के दौरान हादसे की बात
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा एक कार को बचाने के दौरान होने की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि चिन्मया स्कूल की तरफ से आ रही एक कार स्कूल वैन के बेहद करीब से गुजरी।
इसी दौरान कार को पीछे मुड़कर देखने के दौरान वैन चालक का ध्यान सड़क से हट गया और वैन अनियंत्रित होकर सीधे डिवाइडर से जा टकराई। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
स्कूल वाहनों की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
इस दुर्घटना ने एक बार फिर स्कूली बच्चों को लेकर चलने वाले वाहनों की सुरक्षा और चालकों की सतर्कता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्कूल वैन में बड़ी संख्या में बच्चों के सवार होने के कारण छोटी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।
फिलहाल घायल बच्चों का इलाज जारी है और हादसे के कारणों की जांच के बाद ही दुर्घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।









