जामताड़ा में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर कथित तौर पर साइबर ठगी में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 13 मोबाइल फोन, 13 सिम कार्ड, 8 एटीएम कार्ड, एक चेकबुक और 2 लाख 20 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर साइबर डीएसपी अमित कुमार के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के दुधानी गांव में छापेमारी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया।
इसके अलावा जामताड़ा थाना क्षेत्र के सोनाबाद गांव में भी पुलिस ने कार्रवाई की, जहां से तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास मंडल, निवासी नारायणपुर थाना क्षेत्र, तथा देव दत्त, जयदेव साहनी और सिद्धार्थ दत्त, निवासी सोनबाद, थाना जामताड़ा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी जामताड़ा जिले के रहने वाले हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी हरियाणा सिटी, अडानी गैस और बैंक ग्राहकों को बिल अपडेट करने के नाम पर फर्जी APK फाइल भेजते थे। आरोप है कि संबंधित APK को मोबाइल में इंस्टॉल करवाने के बाद आरोपियों द्वारा लोगों के मोबाइल से गोपनीय जानकारी हासिल की जाती थी और फिर उसका इस्तेमाल साइबर ठगी के लिए किया जाता था।
पुलिस का दावा है कि इस नेटवर्क का कनेक्शन झारखंड के अलावा कई अन्य राज्यों तक फैला हुआ था। बरामद मोबाइल फोन, सिम कार्ड, एटीएम कार्ड और अन्य सामान की जांच के जरिए पुलिस अब कथित साइबर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और लेनदेन की जानकारी जुटाने में लगी है।
इस मामले में साइबर थाना जामताड़ा में कांड संख्या 59/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।





