खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 के प्रावधानों के विरोध में राष्ट्रीय जनता दल (RJD), गिरिडीह जिला कमेटी की ओर से गुरुवार को जिला मुख्यालय के समक्ष एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने हाथों में पार्टी के झंडे और तख्तियां लेकर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।
धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व RJD जिलाध्यक्ष इरफान आलम ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने झारखंड के खनिज संसाधनों, राज्य के अधिकारों और खनिज संपदा से जुड़े आर्थिक हितों के संरक्षण की मांग उठाई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए RJD जिलाध्यक्ष इरफान आलम ने कहा कि झारखंड देश के प्रमुख खनिज संपदा वाले राज्यों में शामिल है। यहां की धरती से निकलने वाले खनिज केवल प्राकृतिक संपदा नहीं, बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था, रोजगार और आम जनता के अधिकारों से जुड़े हुए हैं। इसलिए खनिज संसाधनों से संबंधित किसी भी बड़े निर्णय में झारखंड के हितों और राज्य के अधिकारों का पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि RJD झारखंड के जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा से जुड़े सवालों पर लगातार आवाज उठाता रहा है और आगे भी जनता के हित में मजबूती से अपनी बात रखेगा। उन्होंने कहा कि खनिज संपदा का लाभ स्थानीय लोगों, मजदूरों, युवाओं और राज्य के विकास को मिलना चाहिए तथा राज्य के वैधानिक अधिकारों की रक्षा आवश्यक है।
इरफान आलम ने कहा कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नहीं, बल्कि झारखंड के अधिकारों और यहां की जनता के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण सवालों को लोकतांत्रिक तरीके से सामने रखने की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि RJD शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आपत्ति दर्ज कराता रहेगा।
उन्होंने कहा कि गिरिडीह की धरती से उठी यह आवाज झारखंड के अधिकारों और जनहित से जुड़े सवालों की आवाज है। RJD कार्यकर्ता गांव-गांव और प्रखंड-प्रखंड तक जनता के बीच जाकर इस विषय की जानकारी पहुंचाएंगे।

धरना-प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति के नाम उपायुक्त, गिरिडीह के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में MMDR संशोधन विधेयक, 2026 से जुड़े प्रावधानों पर RJD की आपत्तियां दर्ज करते हुए झारखंड के हितों एवं राज्य के अधिकारों की रक्षा की मांग की गई।
कार्यक्रम में युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र यादव, प्रदेश सचिव हाजी अनामुल साहब, प्रदेश महासचिव शत्रुघ्न यादव, जिला उपाध्यक्ष बशीर शाह, जिला महासचिव बलदेव नायक, जिला सचिव वारिस, अल्पसंख्यक मोर्चा उपाध्यक्ष कामरान अंसारी, जिला सहसचिव इरफान अंसारी, जिला उपाध्यक्ष संजय अंबेडकर, जमुआ प्रखंड अध्यक्ष ललन यादव, डुमरी/दरबार प्रखंड अध्यक्ष संजय यादव, पंकज शर्मा, राजेंद्र यादव, रामेश्वर प्रसाद यादव, निरंजन यादव सहित विभिन्न प्रखंडों के अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में RJD कार्यकर्ता मौजूद रहे।
RJD नेताओं ने कहा कि पार्टी आगे भी झारखंड के अधिकार, खनिज संपदा, रोजगार और जनहित से जुड़े मुद्दों को लोकतांत्रिक मंचों पर मजबूती से उठाती रहेगी।







