धनबाद के बरमसिया स्थित खाटू श्याम धाम में श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ से पहले भव्य कलश यात्रा निकाली गई। बारिश के बीच निकली इस यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। 51 महिलाओं ने सिर पर कलश और हाथों में निशान लेकर नगर भ्रमण किया। इस दौरान पूरा बरमसिया इलाका जय श्री श्याम के जयघोष से गूंज उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया।
कलश यात्रा की शुरुआत बरमसिया स्थित खाटू श्याम धाम से हुई, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए शनि मंदिर पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की, जिसके बाद यात्रा वापस खाटू श्याम धाम पहुंची। बारिश लगातार होती रही, लेकिन श्रद्धालुओं की आस्था और उमंग में कोई कमी नहीं आई। सिर पर कलश, हाथों में निशान और जुबां पर जय श्री श्याम के जयकारे के साथ भक्त पूरे उत्साह में नजर आए।
श्याम भक्त सेवा मंडली की ओर से आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में वृंदावन से पहुंचीं कथा वाचिका श्री पूनम शर्मा दीदी श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगी। आयोजन के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की कथा और भक्ति से जुड़े प्रसंगों के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक संदेश दिया जाएगा।
आयोजकों के मुताबिक श्रीमद्भागवत कथा का यह धार्मिक आयोजन लगातार आठ दिनों तक चलेगा। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी से बरमसिया का माहौल पूरी तरह भक्तिमय नजर आया। बारिश के बावजूद लोगों की आस्था और भागीदारी ने आयोजन को खास बना दिया।






