नाला विधानसभा क्षेत्र के कुंडहित प्रखंड में भारतीय जनता पार्टी के मंडल उपाध्यक्ष रवि बाध्यकर (Ravi Badhyakar)का सर्पदंश के बाद इलाज के दौरान निधन हो गया। उन्हें बेहतर उपचार के लिए पश्चिम बंगाल के सिउड़ी सदर अस्पताल ले जाया गया था, जहां उपचार के क्रम में उनकी मृत्यु हो गई।रवि बाध्यकर (Ravi Badhyakar) के निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण, पूर्व मंत्री सत्यानंद झा बाटुल और भाजपा नेता माधव चंद्र महतो कुंडहित स्थित उनके आवास पहुंचे। नेताओं ने दिवंगत रवि बाध्यकर (Ravi Badhyakar) के पार्थिव शरीर पर भाजपा का झंडा अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा शोक संतप्त परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी।

इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि जिले में सर्पदंश के मरीजों के समुचित इलाज की व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को पश्चिम बंगाल के अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। उन्होंने दावा किया कि समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण कई मरीजों की जान चली जाती है। उन्होंने राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग पर निशाना साधते हुए कहा कि जामताड़ा जिले का प्रतिनिधित्व राज्य के स्वास्थ्य मंत्री और विधानसभा अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर बैठे जनप्रतिनिधि करते हैं, इसके बावजूद स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं है।
पूर्व मंत्री सत्यानंद झा बाटुल ने कहा कि रवि बाध्यकर भाजपा के समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ता थे। उनका असामयिक निधन न केवल पार्टी बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सर्पदंश के प्रभावी उपचार की व्यवस्था मजबूत करने की आवश्यकता है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
भाजपा नेता माधव चंद्र महतो ने भी क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग करते हुए कहा कि सर्पदंश की घटनाओं में समय पर इलाज उपलब्ध होना बेहद जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि उपचार के अभाव में पहले भी कई लोगों की जान जा चुकी है।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कुंडहित मंडल अध्यक्ष वरुण मंडल, मनोज गोस्वामी, अंजनी तिवारी, सजल दास, कुंदन गोस्वामी, जीवन मंडल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
इसे भी पढ़े- अचानक भू-धंसान होने से इलाके में दहशत फैली, इलाके में लगाई गई बैरिकेडिंग (barricades)





