Patna News: राजद के प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद ने केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह के हालिया विवादित बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि गिरिराज सिंह “उन्मादी भाषा” का इस्तेमाल करके बिहार की जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि असली मुद्दा राज्य के युवाओं को रोज़गार, विकास और उद्योग से जोड़ना होना चाहिए।
एजाज़ अहमद ने पूछा, “बिहार में टेक्सटाइल पार्क कब आएगा? राज्य के लोगों को कपड़े मिलें, यह सुनिश्चित करने के लिए केंद्र और राज्य सरकारें क्या कार्ययोजना बना रही हैं?” उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों को भड़काऊ भाषणों की नहीं, बल्कि जवाब चाहिए कि उनके लिए रोज़गार के अवसर कब और कैसे पैदा होंगे।
Also Read: Ramgarh में 1942 से चली आ रही मां दुर्गा की पूजा, इस बार ऋषिकेश पर्वत थीम बना आकर्षण का केंद्र
राजद प्रवक्ता ने आगे कहा, “बताइए आप बिहार की जनता के साथ कब न्याय करेंगे? उन्माद की भाषा से न तो आपका, न राज्य का और न ही देश का भला होगा।”उन्होंने गिरिराज सिंह से यह भी पूछा, “क्या आप समाज में उन्माद फैलाकर कोई नई क्रांति लाना चाहते हैं? अगर हाँ, तो आप किस तरह की क्रांति लाना चाहते हैं?”
एजाज अहमद ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बिहार की जनता अब धार्मिक या भावनात्मक मुद्दों पर नहीं, बल्कि रोज़गार, शिक्षा और विकास पर चर्चा करना चाहती है। उन्होंने कहा कि यह समय देश और राज्य को आर्थिक रूप से मज़बूत करने का है, न कि सामाजिक उन्माद फैलाने का।





