जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र स्थित टाटा मोटर्स कॉलोनी में रविवार को दिनदहाड़े चोरी की बड़ी घटना सामने आई। चोरों ने क्रॉस रोड नंबर-25 स्थित क्वार्टर नंबर K2/13 को निशाना बनाते हुए करीब 5 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और 25 हजार रुपये नकद की चोरी कर ली।

जानकारी के अनुसार क्वार्टर में रहने वाले टाटा मोटर्स में काम करने वाले संतोष कुमार सिंह रविवार सुबह करीब 10:30 बजे अपने पिता से मिलने लक्ष्मीनगर गए थे। इसी दौरान चोरों ने घर को खाली पाकर वारदात को अंजाम दिया। शाम को जब वे वापस लौटे तो घर की स्थिति देखकर हैरान रह गए।
चोर घर के पिछले हिस्से का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे थे। इसके बाद उन्होंने अलमारी के लॉकर को तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के कीमती जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने पर टेल्को थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस कॉलोनी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके। पीड़ित संतोष कुमार सिंह के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।





