सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। लूट, छिनतई, चापड़बाजी और हत्या जैसी घटनाओं के बीच बुधवार सुबह एक और चेन स्नैचिंग की वारदात ने लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी। आदित्यपुर थाना क्षेत्र के भाटिया बस्ती स्थित नायक होटल के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए।

सुबह 7 बजे भीड़भाड़ वाले इलाके में वारदात
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 7:09 बजे बबिता देवी अपने काम से जा रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक पर सवार दो अज्ञात अपराधी उनके पास पहुंचे और पलक झपकते ही गले से सोने की चेन छीनकर मौके से फरार हो गए। घटना उस समय हुई जब इलाके में लोगों की आवाजाही शुरू हो चुकी थी। स्कूल और दफ्तर जाने वाले लोग सड़कों पर मौजूद थे लेकिन बदमाशों ने कुछ ही सेकंड में वारदात को अंजाम देकर भीड़भाड़ वाले इलाके से आसानी से निकल गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधियों की तेजी के कारण किसी को संभलने या उनका पीछा करने का मौका तक नहीं मिला।
लगातार बढ़ रहे अपराध से लोगों में बढ़ा डर
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले 15 से 20 दिनों के दौरान आदित्यपुर में आपराधिक घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हुई है। कहीं चापड़बाजी, कहीं हत्या, तो कहीं मोबाइल, पर्स और चेन छिनतई की घटनाएं आम हो गई हैं। इसके चलते सुबह टहलने निकलने वाले बुजुर्ग, महिलाएं और बाजार जाने वाले लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
भाटिया बस्ती निवासी राजेश महतो ने कहते हैं- अगर सुबह सात बजे जैसी व्यस्त घड़ी में भी अपराधी वारदात कर रहे हैं तो आम लोग आखिर कब सुरक्षित रहेंगे? इलाके में पुलिस गश्त दिखाई नहीं देती।
एक अन्य स्थानीय निवासी ने कहा कि अपराधियों में पुलिस का कोई डर नहीं रह गया है। उनका आरोप है कि संवेदनशील इलाकों में न तो पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे हैं और न ही नियमित पुलिस पेट्रोलिंग होती है जिसका फायदा अपराधी उठा रहे हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं
घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित महिला का बयान दर्ज किया। पुलिस आसपास के दुकानों और मकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि बाइक सवार बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। पुलिस का दावा है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
स्थानीय लोगों की पुलिस गश्त और CCTV निगरानी बढ़ाने की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आदित्यपुर के संवेदनशील इलाकों में सुबह और शाम के समय नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, प्रमुख चौक-चौराहों पर हाई-रिजॉल्यूशन सीसीटीवी कैमरे लगाने और रात्रि गश्त को और प्रभावी बनाने की मांग की है।
लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने आदित्यपुर में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब लोगों की निगाहें पुलिस प्रशासन पर टिकी हैं कि वह अपराधियों पर कितनी जल्दी शिकंजा कसकर शहर में सुरक्षा का भरोसा बहाल कर पाता है।
Also Read- JPSC विवाद: प्रशासन ने JPSC कार्यालय का घेराव करने से भाजयुमो को रोका





