पश्चिमी सिंहभूम जिले में दुर्गा पूजा त्योहार के शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पश्चिमी सिंहभूम जिला दण्डाधिकारी- सह- उपायुक्त मनीष कुमार ने चक्रधरपुर शहर का भ्रमण कर विभिन्न पूजा पंडालों, प्रमुख चौक-चौराहों एवं विसर्जन घाटों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पूजा आयोजन से संबंधित सुरक्षा प्रबंधों, श्रद्धालुओं के आवागमन, भीड़ नियंत्रण तथा विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में संबंधित पदाधिकारियों से जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान पोड़ाहाट-चक्रधरपुर की अनुमंडल पदाधिकारी सुश्री श्रुति राजलक्ष्मी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी, चक्रधरपुर नगर परिषद के अध्यक्ष सन्नी उरांव, उपाध्यक्ष विजय कुमार साव, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
उपायुक्त मनीष कुमार ने चक्रधरपुर नगर पालिका कार्यालय परिसर स्थित पूजा पंडाल, पुरानी बस्ती स्थित आदि शक्ति पूजा पंडाल, शीतला मंदिर पूजा पंडाल तथा भगत सिंह चौक स्थित पूजा पंडाल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए की गईण व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने पंडालों में प्रवेश एवं निकास द्वार की व्यवस्था, श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को नियंत्रित करने की योजना, सीसीटीवी कैमरों के क्रियान्वयन, बैरिकेडिंग तथा अन्य सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की। साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पूजा पंडालों में सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास की व्यवस्था इस प्रकार रखी जाए कि भीड़ का अनावश्यक जमाव न हो और किसी भी आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को पूजा समितियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर दुरुस्त रखने तथा त्योहार के दौरान सतत निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।
पवन चौक से भगत सिंह चौक तक पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
पूजा पंडालों के निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने चक्रधरपुर के प्रमुख स्थल पवन चौक का भी अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने पवन चौक से पुराना रांची रोड होते हुए भगत सिंह चौक तक पैदल भ्रमण कर मार्ग की स्थिति एवं पूजा के दौरान संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान शहर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर श्रद्धालुओं के आवागमन तथा भीड़ प्रबंधन से संबंधित व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि त्योहार के दौरान आम नागरिकों एवं श्रद्धालुओं को आवागमन में अनावश्यक परेशानी नहीं हो तथा आवश्यकतानुसार समुचित प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए।
विसर्जन घाटों का निरीक्षण, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का निर्देश
पूजा पंडालों एवं शहर के प्रमुख मार्गों के निरीक्षण के उपरांत उपायुक्त मनीष कुमार ने विसर्जन के दृष्टिकोण से थाना चौक घाट एवं बलिया घाट का भी अवलोकन किया। उन्होंने घाटों पर सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिया कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। विसर्जन स्थलों पर भीड़ का सुव्यवस्थित प्रबंधन, सुरक्षित आवागमन तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा उपायों पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।







