जामताड़ा सिविल कोर्ट को ड्रोन के जरिए उड़ाने की धमकी मिलने के बाद जिला प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार तमिलनाडु की एक कथित साउथ ऑर्गनाइजेशन के नाम से कोर्ट को धमकी भरा ई-मेल भेजा गया है। इस ईमेल जामताड़ा सिविल कोर्ट को ड्रोन से उड़ाने की धमकी गई है। धमकी वालो ईमेल के बाद डॉग स्क्वॉयड और बम निरोधक दस्ते ने सिविल कोर्ट परिसर की सघन जांच की।

धमकी भरे ईमेल के बाद जामताड़ा पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड में आ चुका है। सिविल कोर्ट परिसर की सुरक्षा कड़ी कर दी गई। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी नीतिश निलेश सांगा ने कोर्ट परिसर और जिला अधिवक्ता संघ भवन का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिवक्ताओं से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी भी ली।
जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह और सदर थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो भी पुलिस बल के साथ सिविल कोर्ट पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। देर शाम डॉग स्क्वॉयड की टीम ने कोर्ट भवन और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया।
पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता ने बताया कि धमकी भरे ई-मेल की जांच डीएसपी स्तर के अधिकारी कर रहे हैं। फिलहाल एहतियात के तौर पर सिविल कोर्ट की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और मामले की गंभीरता से जांच जारी है।
हाल के दिनों में धनबाद, रांच सहित कई जिले के कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। जिसके बाद उन कोर्ट परिसर में भी सघन जांच की गई थी और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी अब जामताड़ा के साथ-साथ बोकारो सिविल कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। जगुआर के बम निरोधक दस्ते और स्पेशल ब्रांच की टीम ने कोर्ट रूम, छत और आसपास के क्षेत्रों की गहन जांच की। जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।





