धनबाद में हनुमान मंदिर की प्रतिमा खंडित, युवक को पकड़कर लोगों ने पुलिस के हवाले किया
धनबाद के भूली बी ब्लॉक स्थित हनुमान मंदिर में हड़कंप मच गया, जब मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं ने हनुमान जी की प्रतिमा को खंडित अवस्था में देखा। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मंदिर परिसर में जुट गई।

प्रतिमा टूटे होने से नाराज लोगों ने मंदिर परिसर में मौजूद एक युवक को पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि युवक ने खुद प्रतिमा तोड़ने की बात स्वीकार की। घटना से आक्रोशित लोगों ने युवक को मंदिर के पास एक खंभे से बांध दिया और इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से छुड़ाकर अपने साथ थाना ले गई। युवक की पहचान भूली पंचवटी निवासी रविंद्र कुमार के रूप में हुई है।
परिजनों का कहना है कि रविंद्र कुमार मानसिक रूप से बीमार है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।





