झारखंड के जामताड़ा जिले को काजू उत्पादन और प्रोसेसिंग के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल शुरू कर दी है। इसी क्रम में शनिवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने नाला प्रखंड के डाडर मौजा स्थित 95.59 एकड़ सरकारी भूमि पर विकसित विशाल काजू बागान का अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया और काजू उद्योग के विकास की संभावनाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने काजू उत्पादन, विपणन व्यवस्था और जिले में काजू प्रसंस्करण इकाई स्थापित करने की संभावनाओं पर विस्तृत समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि इस बागान में लगभग 34,511 काजू के पौधे लगाए गए हैं, जिनसे प्रति पौधा 5 से 20 किलोग्राम तक उत्पादन प्राप्त हो रहा है। यह उत्पादन भविष्य में जिले की कृषि अर्थव्यवस्था को नई दिशा दे सकता है।
प्रोसेसिंग यूनिट नहीं होने से किसानों को हो रहा नुकसान
निरीक्षण के दौरान स्थानीय किसानों और ग्रामीणों ने उपायुक्त को बताया कि जिले में काजू प्रसंस्करण इकाई और उचित भंडारण व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें अपनी उपज स्थानीय व्यापारियों को कम कीमत पर बेचनी पड़ती है। इससे किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य नहीं मिल पाता।
इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त आलोक कुमार ने जिला कृषि पदाधिकारी को काजू उत्पादन में अग्रणी राज्यों का अध्ययन करने और जामताड़ा में काजू प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने की संभावनाओं पर विस्तृत एवं तथ्यपरक प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया।
काजू उत्पादन से बढ़ेगी किसानों की आय और रोजगार
उपायुक्त ने कहा कि जामताड़ा की भौगोलिक एवं जलवायु परिस्थितियां काजू की खेती के लिए बेहद अनुकूल हैं। यदि इस क्षेत्र का योजनाबद्ध तरीके से विकास किया जाए तो किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे और जिले को काजू उत्पादन एवं प्रसंस्करण के क्षेत्र में एक नई पहचान मिलेगी।
प्रशासन तैयार करेगा कार्ययोजना
जिला प्रशासन अब काजू आधारित कृषि और उद्योग को बढ़ावा देने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार कर संबंधित विभाग को प्रस्ताव भेजेगा। यदि योजना को मंजूरी मिलती है, तो भविष्य में जामताड़ा में आधुनिक काजू प्रसंस्करण इकाई की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हो सकता है। इससे न केवल किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा, बल्कि जिले की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी।
Also Read- देवशयनी एकादशी पर जय जगन्नाथ के जयघोष से गूंजा लोहरदगा





