झारखंड क्षत्रिय युवा संघ की प्रेस वार्ता संपन्न, 9 मई को धूमधाम से मनाई जाएगी महाराणा प्रताप की 487वीं जयंती
झारखंड क्षत्रिय संघ एवं क्षत्रिय युवा संघ द्वारा आगामी 9 मई को वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 487वीं जन्म जयंती धूमधाम से मनाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। इसको लेकर बुधवार को होटल दयाल इंटरनेशनल में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें संगठन के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए झारखंड क्षत्रिय संघ के केंद्रीय सचिव सह कार्यक्रम संयोजक अमित सिंह, युवा संघ के महामंत्री कुमार प्रभाकर सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजीव सिंह (बबलू), उपाध्यक्ष जयंत विक्रम सिंह, रवि सिंह, सुखदेव सिंह, हेमंत सिंह और अभिषेक सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि 9 मई 2026 को मरीन ड्राइव स्थित महाराणा प्रताप चौक पर भव्य आयोजन किया जाएगा।
शंखनाद के साथ होगा जयंती समारोह का शुभारंभ
पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत पांच पुरोहितों द्वारा शंखनाद के साथ होगी। इसके बाद हजारों की संख्या में उपस्थित लोग महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। झारखंड क्षत्रिय संघ, युवा संघ और महिला संघ की 27 इकाइयों की समितियां भगवा ध्वज के साथ महाराणा प्रताप के जयघोष करते हुए बारी-बारी से श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी।
सभी समाज के लोगों को दिया गया आमंत्रण
संगठन की ओर से शहर के सभी हिंदू समाज के लोगों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, विभिन्न जातीय समूहों के प्रमुख व्यक्तियों और आम नागरिकों को समारोह में शामिल होने का आमंत्रण दिया गया है।
महाराणा प्रताप का बताया गया योगदान
केंद्रीय सचिव अमित सिंह ने बताया कि 9 मई को सुबह 10 बजे मरीन ड्राइव स्थित महाराणा प्रताप चौक पर एक संगोष्ठी का आयोजन भी किया जाएगा। इसमें शहर के प्रख्यात शिक्षाविद और इतिहासकार महाराणा प्रताप के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र रक्षा में उनके योगदान पर प्रकाश डालेंगे। इसका उद्देश्य युवाओं और समाज को धर्म एवं राष्ट्र रक्षा की प्रेरणा देना है।
सेवा कार्य भी करेगा युवा संघ
जयंती समारोह के अवसर पर क्षत्रिय युवा संघ द्वारा सेवा कार्य भी किए जाएंगे। भीषण गर्मी को देखते हुए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर मीठे पेय पदार्थों के शिविर लगाए जाएंगे, जहां लोगों को निशुल्क शरबत और पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। संगठन ने इसे सामाजिक सेवा और जनकल्याण से जुड़ा विशेष अभियान बताया है।





