सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध कारोबार, तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस-प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पूरे जिले में कादिम खान के संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अब सिर्फ अपराधियों को ही नहीं, कादिम खान की संपत्ति की जांच हो रही है..बल्कि उनके आर्थिक स्रोतों और सहयोगियों पर भी शिकंजा कस रही है।
इसी अभियान के तहत गुरुवार को आदित्यपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आदित्यपुर के एच रोड स्थित मुस्लिम बस्ती में कुख्यात अपराधी कदीम खान से जुड़े बताए जा रहे मकानों और जमीन की गहन जांच की।पुलिस को गुप्त सूचना मिल रही थी कि इन ठिकानों पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा होता है और यहां से संदिग्ध गतिविधियों को अंजाम दिया जाता है। सूचना के आधार पर पुलिस ने वहां मौजूद किराएदारों को खाली कराया और मकानों से जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू की।
पुलिस जांच का दायरा अब कदीम खान की पत्नी डोली परवीन तक भी पहुंच गया है। पुलिस उसके नाम पर अथवा उससे जुड़े बताए जा रहे ठिकानों, संपत्ति और वहां होने वाली गतिविधियों की पड़ताल कर रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही उसकी भूमिका स्पष्ट हो पाएगी।जांच में एक चौंकाने वाला पहलू भी सामने आया है। पुलिस को सूचना मिली है कि इन मकानों से मिलने वाले किराए का इस्तेमाल कथित तौर पर तस्करी और अवैध कारोबार से जुड़े लोगों को आर्थिक सहयोग पहुंचाने में किया जा रहा है। इसी बिंदु पर पुलिस ने अपनी जांच केंद्रित की है।
मामले पर एसडीपीओ ने कहा कि जिले में अवैध कारोबार और अपराध से जुड़े लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। जांच में जिनकी भी भूमिका सामने आएगी, उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी व्यक्ति को अपराधियों को संरक्षण देने या अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देने की अनुमति नहीं दी जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध कारोबार के खिलाफ चल रहे अभियान में आर्थिक नेटवर्क पर सीधा प्रहार माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार आने वाले दिनों में जिले के अन्य संदिग्ध ठिकानों पर भी इसी तरह की कार्रवाई हो सकती है।
READ ALSO – रांची में क्रिकेट का बुखार, टिकट के लिए JSCA के बाहर रात भर डटे रहे प्रशंसक





