जमशेदपुर पुलिस को कदमा थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना के मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक देशी पिस्टल, तीन जिंदा गोलियां और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद की गई है।

10 जून को कदमा थाना क्षेत्र के रामजनम नगर में हुई फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई थी। इस घटना में समीर नाग और उसके दोस्तों सन्नी गुप्ता एवं विकास तांति के साथ मारपीट की गई थी। आरोप है कि आशु कर्मकार और उसके पांच साथियों ने मिलकर पहले उनकी पिटाई की और फिर फायरिंग कर इलाके में सनसनी फैला दी।
घटना के बाद कदमा थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। सिटी एसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने मामले की गहन छानबीन करते हुए जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया।
जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी आशु कर्मकार समेत उसके सहयोगी राजेश लोहार, विशाल कर्मकार और शुभम लोहार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में यह बात सामने आई कि आशु कर्मकार और समीर नाग के बीच लंबे समय से आपसी विवाद और वर्चस्व की लड़ाई चल रही थी। इसी विवाद के कारण आरोपियों ने फायरिंग की घटना को अंजाम दिया।
Also Read- युद्ध की कड़वाहट के बीच ‘आम की मिठास’ रामगढ़ से लंदन तक पहुंचा
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक देशी पिस्टल, तीन जिंदा गोलियां और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी राजेश लोहार का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस इस घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।





