NIA Raid: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बुधवार सुबह देशभर में एक समन्वित अभियान चलाते हुए बिहार के सात स्थानों समेत उत्तर प्रदेश और हरियाणा में कुल 22 जगहों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई अवैध हथियार और गोला-बारूद की तस्करी से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करने के उद्देश्य से की गई।

NIA ने अब तक इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें पटना के शशि प्रकाश, शेखपुरा के रवि रंजन सिंह तथा हरियाणा के विजय कालरा और कुश कालरा शामिल हैं। प्रारंभिक तलाशी में एजेंसी को भारी मात्रा में अवैध हथियार, गोला-बारूद तथा एक करोड़ रुपये से अधिक नकद बरामद हुआ है। इसके अलावा कई डिजिटल उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक सामान, संदिग्ध पहचान पत्र और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई एक संभावित आतंकी मॉड्यूल की जांच का हिस्सा है। जांचकर्ताओं को संदेह है कि यह तस्करी नेटवर्क दिल्ली के लाल किले के पास हुए ब्लास्ट केस से जुड़े आरोपियों के संपर्क में रहा हो सकता है। इसी वजह से एजेंसी दोनों मामलों को समानांतर रूप से जोड़कर जांच आगे बढ़ा रही है।
Also Read: इंडिगो में भारी अव्यवस्था! चार दिनों में 900 से अधिक उड़ानें रद्द, यात्रियों ने जताया भारी रोष
NIA की 22 टीमों ने एक साथ छापेमारी कर पूरे ऑपरेशन को अंजाम दिया। अधिकारियों का मानना है कि देशभर में फैला यह नेटवर्क संगठित और बहु-स्तरीय है, जिसकी वित्तीय और आपराधिक कड़ियों का पता लगाने के लिए आगे और भी तलाशी अभियान चलाया जा सकता है।





