Gumla News: विश्व स्तनपान सप्ताह 2025 के अंतर्गत गुमला जिले में उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देशानुसार “स्तनपान में पिता की भूमिका” विषय पर जिले के सभी पंचायत भवनों में एकदिवसीय जागरूकता कार्यशालाओं का आयोजन किया गया।

कार्यशालाओं का उद्देश्य मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में पिता की सक्रिय एवं सहायक भूमिका को रेखांकित करना था। कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा पदाधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, तथा आंगनबाड़ी सेविकाएं उपस्थित रहीं, जिन्होंने प्रतिभागियों को स्तनपान से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों, समय की महत्ता, और पारिवारिक सहयोग की आवश्यकता पर जागरूक किया।
यह आयोजन जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित संशोधित कैलेंडर के अनुरूप किया गया। आगामी 08 अगस्त 2025 को जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य उपकेंद्रों पर SAM (Severe Acute Malnutrition) श्रेणी के बच्चों की स्क्रीनिंग एवं परामर्श सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, विभिन्न प्रखंड मुख्यालयों में पारंपरिक गीत, नृत्य एवं जनजातीय सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्तनपान के महत्व पर जनजागरूकता फैलाई जाएगी।
Also Read: Gumla जिले में ‘स्तनपान में पिता की भूमिका’ पर कार्यशालाओं का आयोजन
विश्व स्तनपान सप्ताह का समापन 11 अगस्त 2025 को समाहरणालय स्थित सभागार में होने वाले “समापन समारोह एवं शपथ ग्रहण” कार्यक्रम के साथ किया जाएगा, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित करेंगी। इस अवसर पर सप्ताह भर के क्रियान्वयन की समीक्षा की जाएगी और उत्कृष्ट योगदान देने वाले कर्मियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
उपायुक्त दीक्षित ने सभी विभागों व फील्ड कर्मियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रम समन्वयपूर्ण, प्रभावी एवं जनसामान्य तक पहुंच योग्य हों, ताकि जागरूकता का लाभ हर परिवार तक पहुँच सके।







