जमशेदपुर में दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जमशेदपुर जिला पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों की एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले के एसएसपी, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी समेत तमाम डीएसपी शामिल हुए। बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, भीड़ नियंत्रण और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जिले के एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारीब ने बताया कि दुर्गा पूजा को देखते हुए जिले में करीब 2000 पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। इनमें रैपिड एक्शन फोर्स (रैफ), झारखंड जगुआर, जैप और जिला पुलिस के जवान शामिल हैं। शहर के विभिन्न पूजा पंडालों और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
सीसीटीवी और ड्रोन से होगी निगरानी
दुर्गा पूजा के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों और प्रमुख पूजा पंडालों पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से नजर रखी जाएगी। इसके अलावा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सादे लिबास में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां करने की बात कही है।

शांतिपूर्ण पूजा संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिकता
जिला पुलिस का मुख्य उद्देश्य दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना और त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना है। इसके लिए पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के पूजा-अर्चना कर सकें।





