बिहार के सहरसा जिले में पुलिस टीम पर भीड़ द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के हिंदुपुर गांव की बताई जा रही है, जहां बंधक बनाए गए दो युवकों को छुड़ाने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों की भीड़ ने हमला कर दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

शनिवार को पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि कुछ ग्रामीणों ने दो युवकों को बंधक बनाकर एक घर में कैद कर रखा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। लेकिन जैसे ही पुलिस ने बंधक युवकों को छुड़ाने की कोशिश की वहां मौजूद ग्रामीणों की भीड़ उग्र हो गई और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी।
वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ महिलाएं भी पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करती नजर आ रही हैं। बताया जा रहा है कि बंधक बनाए गए युवकों की पहचान सिरादेय गांव निवासी राहुल कुमार और भैरव कुमार के रूप में हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि दोनों युवक बिना अनुमति के एक घर में घुसकर फोटो खींच रहे थे। इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों को पकड़कर बंधक बना लिया।
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही अन्य आरोपियों की पहचान कर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
Also Read- बिहार के बक्सर में जयमाल के दौरान प्रेमी ने दुल्हन को मारी गोली





