जमशेदपुर में टाटा स्टील के एक रिटायर्ड कर्मचारी द्वारा पत्नी, पुत्र और गर्भवती बेटी की निर्मम हत्या किए जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में जहां तीनों के शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी रविन्द्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, हालांकि हत्या के पीछे की असली वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। मृतकों की पहचान पत्नी सरिता सिंह, पुत्र रवि कुमार और गर्भवती बेटी सुप्रिया के रूप में हुई है। पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी ने बेटे और बेटी की हत्या उस वक्त की जब दोनों सो रहे थे, जबकि पत्नी को किचन में निशाना बनाया गया। बताया जा रहा है कि पत्नी सरिता सिंह का शव किचन के फर्श पर पड़ा मिला, जबकि पुत्र और पुत्री के शव अलग-अलग कमरों में पलंग पर मिले। घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्वार्टर को घेर लिया। फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। क्वार्टर के बाहर स्थानीय लोगों और आसपास के निवासियों की भारी भीड़ जुटी रही। पुलिस मृतकों के परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि तीनों की हत्या सिर पर भारी वस्तु से वार कर की गई। तीनों के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। घटनास्थल से एक हथौड़ा और एक टांगी बरामद हुई है। पुलिस को शक है कि इन्हीं हथियारों से वारदात को अंजाम दिया गया। एएसपी ऋषभ त्रिवेदी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर जांच में जुटे रहे।
जानकारी के अनुसार आरोपी रविन्द्र सिंह के चार बच्चे हैं। एक बेटा और एक बेटी दिल्ली में रहते हैं, जबकि दूसरी बेटी की शादी हो चुकी है। दिल्ली में रहने वाली बेटी ने जब लगातार फोन करने के बावजूद घर से किसी का जवाब नहीं मिला तो उसने पड़ोसियों को सूचना दी। पड़ोसी जब क्वार्टर पहुंचे तो रविन्द्र सिंह ने उन्हें अंदर आने से रोक दिया और भगा दिया। इसके बाद कुछ लोग पीछे के रास्ते से दीवार फांदकर घर के अंदर पहुंचे, जहां तीनों शव पड़े मिले। आरोपी रविन्द्र सिंह भी घर में घायल अवस्था में मौजूद था।
घटना के बाद एएसपी ऋषभ त्रिवेदी ने बताया कि पूछताछ में हत्या की कोई स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। आरोपी बार-बार अपनी मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात कह रहा है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने हत्या का कारण स्पष्ट नहीं बताया है।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन रिश्तेदारों ने किसी बड़े विवाद की जानकारी नहीं दी है। हत्या सुबह करीब 6 बजे किए जाने की आशंका जताई जा रही है। आरोपी ने अपना मोबाइल फोन भी पुलिस को जांच के लिए नहीं दिया। फिलहाल उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।





