Home झारखंड बिहार राजनीति मनोरंजन क्राइम हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

सरायकेला-खरसावां: राजनगर में मनसा पूजा पर सजा छऊ का रंगमंच, मानभूम शैली की प्रस्तुति ने मोहा ग्रामीणों का मन

सरायकेला-खरसावां: राजनगर में मनसा पूजा पर सजा छऊ का रंगमंच, मानभूम शैली की प्रस्तुति ने मोहा ग्रामीणों का मन
---Advertisement---

सरायकेला-खरसावां के राजनगर प्रखंड अंतर्गत भुईयांनाचना गांव में मनसा पूजा के अवसर पर पारंपरिक मानभूम शैली के छऊ नृत्य का भव्य आयोजन किया गया। वर्षों से चली आ रही परंपरा के तहत आयोजित इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के पुरुलिया और पटमदा क्षेत्र से पहुंचे छऊ कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से देर रात तक ग्रामीणों का मनोरंजन किया।

कार्यक्रम का उद्घाटन झामुमो नेता सह शिक्षाविद प्रो. कालीपद सोरेन ने फीता काटकर किया। इससे पहले गांव के मकरध्वज महतो ने पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर उनका स्वागत एवं सम्मान किया। छऊ कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा, आकर्षक मुखौटों, ढोल-धामसा और मनमोहक नृत्य मुद्राओं के माध्यम से मानभूम शैली की जीवंत प्रस्तुति दी। रंग-बिरंगी रोशनी और पारंपरिक संगीत के बीच कलाकारों की प्रस्तुति देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण कार्यक्रम स्थल पर जुटे रहे।

इस दौरान प्रो. कालीपद सोरेन ने कहा कि वह वर्ष 2008 के आसपास पहली बार भुईयांनाचना गांव आए थे। उस समय गांव की सड़क और आवागमन की स्थिति काफी खराब थी तथा कच्ची सड़क के कारण ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि गांव के युवाओं की सक्रियता और सकारात्मक सोच के कारण क्षेत्र में धीरे-धीरे विकास की गति बढ़ रही है। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि किसी भी प्रकार की आवश्यकता या समस्या होने पर वे उनसे बेहिचक संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सुख-दुख की हर घड़ी में वह ग्रामीणों के साथ खड़े हैं और जरूरत पड़ने पर हरसंभव सहयोग का प्रयास करेंगे।

कार्यक्रम में मकरध्वज महतो, दिनेश महतो, छोटू लाल महतो, धीरेन महतो, पबीर महतो, बिट्टू महतो, गगन महतो, हेमंत महतो, विकास महतो, संतोष महतो समेत आयोजन समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। पारंपरिक छऊ नृत्य की शानदार प्रस्तुति ने मनसा पूजा की रौनक को और बढ़ा दिया। देर रात तक ग्रामीण छऊ की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में सराबोर रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment