श्री बंशीधर नगर | गढ़वा

गढ़वा जिले के नगर उंटारी क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। एक युवती ने युवक पर पहचान छुपाकर प्रेम संबंध बनाने, शादी का झांसा देने और बाद में मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना करने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को लेकर महिला थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई गई है।
हैदराबाद में हुई थी मुलाकात
मिली जानकारी के अनुसार, रांची जिला के बेड़ों थाना क्षेत्र अंतर्गत केशा गांव निवासी कांति ऊरईन करीब छह महीने पहले हैदराबाद में काम कर रही थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात गढ़वा जिले के कुष्डदंड गांव निवासी इनायत अंसारी से हुई। पीड़िता का आरोप है कि युवक ने अपना नाम “सोनू” बताकर खुद को हिंदू एवं अविवाहित बताया और धीरे-धीरे प्रेम संबंध स्थापित किया।युवती के अनुसार, जनवरी 2026 में युवक उसे शादी का भरोसा देकर अपने घर ले आया। लेकिन घर पहुंचने के बाद उसे पता चला कि “सोनू” का असली नाम इनायत अंसारी है, जो पहले से शादीशुदा है तथा दो बच्चों का पिता भी है।
सच्चाई सामने आने के बाद युवती ने विरोध जताया, जिसके बाद उसके साथ कथित रूप से प्रताड़ना शुरू कर दी गई।
मारपीट और प्रताड़ना का आरोप
पीड़िता ने आवेदन में आरोप लगाया है कि उस पर जबरन गौमांस खाने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई तथा मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। साथ ही खाने-पीने और दैनिक जरूरतों की सुविधाएं भी बंद कर दी गईं।
परिवार के अन्य सदस्यों पर भी आरोप
महिला द्वारा दिए गए आवेदन में युवक के पिता जहरूदीन अंसारी, मां मैरून बीबी समेत अन्य परिजनों पर भी मारपीट और प्रताड़ना में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। सूत्रों के अनुसार, इस मामले में पूर्व में भी महिला थाना में शिकायत दी गई थी। उस समय पुलिस द्वारा दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था और युवती को युवक के घर वापस भेज दिया गया था।
मामले को लेकर महिला थाना प्रभारी रुक्मिणी कुमारी ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





