कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र अंतर्गत बगडो स्थित जसवा फ्यूल्स पेट्रोल पंप के समीप एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गिरिडीह जिले के कोबर निवासी नितेश यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, शव पेड़ से गमछे के सहारे लटका हुआ मिला। गुरुवार सुबह ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद इसकी सूचना डोमचांच थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उपचालक ने बताई पूरी घटना
टैंकर के उपचालक पंकज मंडल ने बताया कि वह पहली बार मृतक नितेश यादव के साथ काम कर रहा था। नितेश करीब तीन दिन पहले ही चालक के रूप में टैंकर से जुड़ा था, जबकि पंकज खुद एक दिन पहले ही इस गाड़ी में आया था। दोनों देवघर-जसीडीह की ओर से टैंकर लेकर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि टैंकर धनबाद निवासी मालिक सदन शर्मा का है।
पंकज के मुताबिक, बुधवार रात करीब 10 बजे दोनों जसवा फ्यूल्स पेट्रोल पंप पहुंचे, जहां मालिक ने गाड़ी खाली करने को कहा। इसी दौरान नितेश मोबाइल पर किसी से बात करते हुए गाड़ी से हटकर साइड में चला गया।
तलाश के बाद भी नहीं मिला सुराग
उपचालक ने बताया कि टैंकर खाली करने में करीब एक घंटा लगा। इसके बाद जब चालक नितेश को खोजा गया तो उसका मोबाइल पहले बजता रहा, लेकिन कुछ देर बाद व्यस्त बताने लगा। काफी देर तक संपर्क नहीं होने पर आसपास खोजबीन की गई।
पेट्रोल पंप और आसपास के इलाके में लाइट जलाकर कुएं समेत कई स्थानों पर तलाश की गई, लेकिन नितेश का कोई सुराग नहीं मिला। गुरुवार सुबह खेत की ओर ग्रामीणों ने पेड़ से लटका शव देखा, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
हत्या या आत्महत्या? जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध माना जा रहा है। स्थानीय लोगों के बीच हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कह रही है।





