मुजफ्फरपुर में अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। ममला मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत फतेहपुर गांव में सोमवार अहले सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे स्थित गेहूं के खेत से एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए।

राहगीरों की नजर पड़ी शव पर
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह के समय कुछ राहगीर सड़क से गुजर रहे थे। तभी उनकी नजर खेत में पड़े एक युवक के शव पर पड़ी। घटना की जानकारी तुरंत आसपास के लोगों को दी गई, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।
मौके पर पहुंची पुलिस, शुरू हुई जांच
सूचना मिलते ही अहियापुर थाना की पुलिस और डायल 112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
फिलहाल मृतक युवक की पहचान नहीं हो सकी है। शव के पास से कोई पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज बरामद नहीं हुए हैं, जिससे शिनाख्त में दिक्कत आ रही है। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
एफएसएल टीम को बुलाया गया
पुलिस के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (Forensic Science Laboratory) टीम को भी बुलाया गया है ताकि वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए जा सकें। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजने की तैयारी की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी है।





