Jamshedpur News: जमशेदपुर जिले से एक दिल झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। बागबेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत उत्तर पूर्वी बागबेड़ा पंचायत के बजरंग टेकरी स्थित नाले में एक नवजात शिशु का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों की नजर जब नाले में पड़े नवजात पर पड़ी, तो मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और माहौल गमगीन हो गया।

सूचना मिलते ही उत्तर पूर्वी बागबेड़ा पंचायत की मुखिया नीनू कुदादा तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं और इसकी जानकारी बागबेड़ा थाना पुलिस को दी। इसके साथ ही उन्होंने सामाजिक संस्था अंत्योदय एक अभियान के प्रमुख प्रवीण सेठी को भी मामले से अवगत कराया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और नवजात शिशु के शव को अंत्योदय एक अभियान के सुपुर्द कर दिया।
इसके बाद अंत्योदय एक अभियान के प्रमुख प्रवीण सेठी द्वारा पार्वती श्मशान घाट में पूरे सम्मान और मानवीय संवेदना के साथ नवजात शिशु का अंतिम विदाई दी। प्रवीण सेठी ने घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं समाज के लिए गंभीर चेतावनी हैं। उन्होंने कहा कि नवजात शिशुओं की इस तरह उपेक्षा और हत्या न केवल अपराध है, बल्कि मानवता पर भी प्रश्नचिह्न लगाती है।
Also Read: JSSC CGL नियुक्ति पत्र वितरण समारोह, मेहनत और संघर्ष को मिला सम्मान
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नवजात को नाले में किसने और किन परिस्थितियों में फेंका। इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर समाज और व्यवस्था दोनों को आत्ममंथन करने पर मजबूर कर दिया है।







