जमशेदपुर पुलिस ने मानगो और ओलीडीह क्षेत्र में एक ही रात 12 दुकानों (12 shops) में हुई सिलसिलेवार चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार और चोरी का सामान भी बरामद किया है। आरोपियों ने पूछताछ में 12 दुकानों (12 shops) में चोरी की बात स्वीकार की है। 11 और 12 जुलाई की मध्यरात्रि मानगो और ओलीडीह क्षेत्र की 12 दुकानों(12 shops) का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था।

जगदंबा होटल के समीप स्थित गुप्ता इलेक्ट्रिक, आटा चक्की, फल दुकान, सुमन स्टोर के अलावा मानगो थाना क्षेत्र के वैभव लक्ष्मी मेडिकल, शिव स्टोर और गीतांजली स्टोर समेत कई दुकानों को निशाना बनाया गया था।
दुकानदारों की शिकायत पर ओलीडीह ओपी में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व और डीएसपी पटमदा दयानंद कुमार की निगरानी में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। लगातार छापेमारी के बाद पुलिस ने चार आरोपियों शंकर हेम्ब्रम, मुकदर सामद, गौतम हेम्ब्रम उर्फ डाडू और विक्की मुखी को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी ओलीडीह थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने मानगो और ओलीडीह क्षेत्र की 12 दुकानों में चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी में इस्तेमाल किया गया लोहे का चापड़, लोहे का रॉड (साबल), चैन पुली और चोरी की एक सिलाई मशीन बरामद की है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी शंकर हेम्ब्रम के खिलाफ पहले से भी चोरी के दो मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी के बाकी सामान की बरामदगी को लेकर जांच में जुटी हुई है।





